Simdega News : कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने शनिवार को कोलेबिरा प्रखंड में तीन सड़कों के सुदृढ़ीकरण व कालीकरण कार्य का शिलान्यास किया. इन सड़कों का निर्माण मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत किया जाएगा. इनमें अंबाटोली से श्रीकोंडेकेरा, बोंगराम अंबाटोली से केउंदपानी होते हुए कीनबीरा और लरबा से शिवनाथपुर, श्रीकोंडेकेरा, शाहपुर होते हुए बरसलोया मोड़ तक की सड़क शामिल है.
विधायक ने कहा कि बेहतर सड़कें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं. सड़क निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंचनें में सुविधा मिलेगी. उन्होंने विभागीय अधिकारियों व संवेदक को निर्माण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. कहा कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इस दौरान विधायक ने जनता दरबार लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी. मौके पर कांग्रेस के जिला व प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.