Simdega News : सिमडेगा जिले के लचरागढ़ लचरागढ़ स्थित संत दोमनिक इंटर कॉलेज में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोनगाड़ी कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की.
विधायक ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी शिक्षा ग्रहण करने की उम्र में नशे की गिरफ्त में आ रही है. कम उम्र और नशे की हालत में बाइक चलाना युवाओं के जीवन को खतरे में डाल रहा है. नशे के कारण युवा न केवल अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं, बल्कि अपने परिवार को भी मानसिक और सामाजिक परेशानियों में डाल रहे हैं. कई बार लापरवाही और नशे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाएं जानलेवा साबित हो रही हैं.
विधायक ने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल विकास और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में लगानी चाहिए. नशे की लत और तेज रफ्तार में वाहन चलाने जैसी गलत आदतों से दूर रहना बेहद जरूरी है. उन्होंने युवाओं से अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की.
उन्होंने ने विद्यालय प्रबंधन समिति व शिक्षकों से कहा कि समय-समय पर अभिभावकों और विद्यार्थियों के साथ बैठक कर बच्चों को नशे के दुष्परिणामों, कम उम्र में वाहन चलाने के जोखिम के प्रति जागरूक करें. कार्यक्रम में प्राचार्य फादर क्लेमेंट लकड़ा, प्रबंधन समिति के सदस्य सीलानंद बागे, फूलकेरिया डांग, जोसेफ सोरेंग, थाना प्रभारी देवीदास मुर्मू सहित अन्य उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.