Chatra News: चतरा जिले से अंधविश्वास की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. प्रतापपुर थाना क्षेत्र में कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और सिद्धि प्राप्त करने की खातिर एक महिला ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर अपनी बहन की बेटी की निर्मम हत्या कर दी. इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी मौसी समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि बीते 11 नवंबर को प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चंद्री गोविंदपुर पंचायत के चट्टी अनंतपुर गांव निवासी सिताबिया देवी ने अपनी नाबालिग बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जिसके बाद मामला दर्ज करते हुए त्वरित जांच के लिए एसडीपीओ चतरा सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था.

बच्ची की फाइल फोटो
एसपी ने बताया कि जांच के दौरान 13 नवंबर 2026 को बच्ची का शव घर से महज 150 मीटर पश्चिम दिशा में धान के खेत से बरामद किया गया था. पुलिस अधीक्षक के अनुसार अंधविश्वास जैसी कुरीति के कारण एक मासूम की जान चली गई. मौके से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर 48 घंटे के भीतर इस जघन्य निर्मम हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली गई है.
एसपी ने दावा किया कि गहन अनुसंधान में पता चला कि पीड़िता की मौसी सोहरी देवी घर में ओझा-गुनी और झाड़-फूंक का काम करती है. उसने सिद्धि प्राप्त करने के उद्देश्य से दीपावली को अमावस्या की रात अपने भैसुर बिन्दु भारती और भतीजे जुगेश भारती के साथ मिलकर बच्ची की बलि दे दी. जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका के माता-पिता और आरोपियों के बीच पहले से आपसी विवाद भी चल रहा था.
पुलिस ने घटनास्थल और अभियुक्त सोहरी देवी के घर से खून लगा हसुंआ, करनी, लोहे की छेनी, लाल रंग की टूटी चूड़ी-बाली, खून लगा पलाश का पत्ता, घास, पीड़िता का कपड़ा और तंत्र-मंत्र में प्रयुक्त होने वाला सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप व हल्दी बरामद किया है. जिसके बाद सभी गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है. एसआईटी में प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन समेत पुलिस के कई जवान भी शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.