Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

सीतामढ़ी : पुनौराधाम में बनेगा माता सीता का भव्य मंदिर, अमित शाह और CM नीतीश ने रखी आधारशिला

Bihar :   बिहार के धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास में आज एक और नया अध्याय जुड़ गया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीतामढ़ी के पुनौराधाम में माता सीता मंदिर की आधारशिला रखी. भूमि पूजन समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई, जिसमें राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे.

 

ये ऐतिहासिक दिन विकसित बिहार के संकल्प को साकार कर रहा : विजय सिन्हा

मौके पर विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ये दिन बहुत शुभ है. ये ऐतिहासिक दिन विकसित बिहार के संकल्प को साकार कर रहा है.

 


पुनौराधाम को मिलेगा वैश्विक पहचान का दर्जा

पुनौराधाम को हिंदू धर्म में माता सीता की जन्मभूमि के रूप में मान्यता प्राप्त है और यह स्थल लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है. अब इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है. मंदिर परिसर का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया है. निर्माण कार्य 42 सप्ताह यानी करीब 11 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है. 

67 एकड़ भूमि पर बनेगा आधुनिक मंदिर परिसर

यह भव्य मंदिर परिसर 67 एकड़ में फैला होगा. मुख्य मंदिर की ऊंचाई 151 फीट होगी. इसके अलावा परिसर में यज्ञ मंडप, सीता संग्रहालय, आधुनिक ऑडिटोरियम, कैफेटेरिया, धर्मशाला, सीता वाटिका, लव-कुश वाटिका, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, पार्किंग, परिक्रमा पथ और मार्ग प्रदर्शनी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी.

 

कुल लागत 882.87 करोड़, मंदिर निर्माण पर खर्च होंगे 137.34 करोड़

इस ऐतिहासिक परियोजना की कुल लागत 882.87 करोड़ आंकी गई है, जिसमें से 137.34 करोड़ मुख्य मंदिर की संरचना पर खर्च किए जाएंगे. बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम इस परियोजना की निगरानी कर रहा है. भूमि अधिग्रहण लगभग पूरा हो चुका है और टेंडर प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जा रही है. 

 

अगले वर्ष सावन में हो सकता है उद्घाटन

पर्यटन विभाग की मानें तो मंदिर निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा. इसका उद्घाटन अगले वर्ष सावन माह में किया जा सकता है. यह परियोजना धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और क्षेत्र के आर्थिक विकास के नए रास्ते खोलेगी.

पुनौराधाम को नई धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान की ओर बढ़ता कदम

मंदिर परिसर में पहले से मौजूद मां जानकी कुंड का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा. इस पूरी परियोजना से न केवल श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि यह स्थल बिहार की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही