Search

 
 
 

सोनिया गांधी ने राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया, पहली बार उच्च सदन जायेंगी

 
New Delhi :  कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने आज बुधवार को राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया.  कांग्रेस नेताओं और समर्थकों का हुजूम उनके साथ चल रहा था. आज ही सोनिया गांधी जयपुर पहुंची थीं. बता दें कि वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली से लोकसभा सांसद हैं.

विधानसभा की लॉबी में पार्टी विधायकों से मुलाकात की

विधानसभा भवन में नामांकन दाखिल करने के समय उनके बेटे राहुल गांधी, बेटी प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली मौजूद रहे. नामांकन दाखिल करने से पहले उन्होंने विधानसभा की विपक्षी लॉबी में पार्टी के विधायकों से मुलाकात की. खबरों के अनुसार कांग्रेस ने सोनिया के साथ चार और राज्यसभा  उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है. इनमें बिहार से अखिलेश प्रसाद, हिमाचल प्रदेश से अभिषेक मनु संघवी और महाराष्ट्र से चंद्रकांत हंडोरे के नाम शामिल है.

सिंघवी फिलहाल पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सदस्य हैं

सिंघवी फिलहाल पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सदस्य हैं. उनका कार्यकाल अप्रैल में पूरा हो रहा है.  बिहार से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह को राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया गया है. वह फिलहाल बिहार से ही राज्यसभा सदस्य हैं. उनका कार्यकाल अप्रैल में पूरा हो रहा है. कांग्रेस के महाराष्ट्र के अपने वरिष्ठ नेता चंद्रकांत हंडोरे को प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है. सोनिया गांधी वर्ष 1999 से लगातार लोकसभा सदस्य हैं.

सोनिया अभी उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रही हैं

वर्तमान में सोनिया गांधी  उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रही हैं. वह अमेठी से भी लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं. यह पहली बार होगा कि वह संसद के उच्च सदन में जायेंगी.  राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की शुरुआत 8 फरवरी से हो चुकी है और इसकी आखिरी तिथि 15 फरवरी है. नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी को होगी, जबकि उम्मीदवार 20 फरवरी तक अपना नाम वापस ले सकेंगे. यदि आवश्यक हुआ तो 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना होगी.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही