Search

 
 
 

सोनिया का अफसानाः आधी हकीकत आधा फसाना

Belonging A Journey of Love: इस पुस्तक के शीर्षक या नाम से ऐसा लगता है कि यह एक प्रेम कहानी का दस्तावेजीकरण है. यह सोनिया और राजीव गांधी की प्रेम कहानी और विवाहोपरांत भारत आने और नेहरू-गांधी परिवार में प्रेम के साथ, अपनेपन के साथ रहने, घुल मिल जाने की कहानी है.
 
टिप्पणी

Uploaded Image

बैजनाथ मिश्र

अमूमन त्योहारों के बीच राजनीतिक धमाचौकड़ी शांत ही रहती है. लेकिन पहले कांग्रेस ने समूचे विपक्ष को साथ लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान से लोकतंत्र बचाने की हुंकार भरी तो भाजपा ने अराजकता हटाओ के नारे के साथ जगह-जगह जुलूस निकालकर हल्ला बोल दिया. इसी बीच सोनिया गांधी की किताब ने अच्छा खासा कोलाहल पैदा कर दिया है. 

 

हालांकि भारत में किताब पढ़नेवालों की संख्या दिन-प्रतिदिन घटती जा रही है, लेकिन सोनिया गांधी की किताब ने शायद हमारी समूची राजनीतिक जमात को पाठक बना दिया है. इस किताब का नाम है "बिलांगिंग अ जर्नी ऑफ लव". यह अमेरिका में छपकर आई है. इसमें करीब पांच सौ पन्ने हैं और इसकी कीमत तेरह सौ रुपये है. ब्लिंकिट, अमेजन इसे साढ़े आठ सौ रुपये में घर पहुंचा रहे रहे हैं. 

 

इस पुस्तक के शीर्षक या नाम से ऐसा लगता है कि यह एक प्रेम कहानी का दस्तावेजीकरण है. यह सोनिया और राजीव गांधी की प्रेम कहानी और विवाहोपरांत भारत आने और नेहरू-गांधी परिवार में प्रेम के साथ, अपनेपन के साथ रहने, घुल मिल जाने की कहानी है. लेकिन यह कोई उपन्यास तो है नहीं, मीडिया के माध्यम से टुकड़ों-टुकड़ों में पुस्तक के जो अंश पढ़ने को मिले हैं, उनसे ऐसा लगता है कि राजनीति में प्रवेश से लेकर कांग्रेस पार्टी और देश से मिले प्यार पर भी कलम चलायी गयी है. 

 

सोनिया गांधी समकालीन भारतीय राजनीति की महत्वपूर्ण शख्सीयत थीं और आज भी हैं. इसलिए राजनीति और उससे जुड़े मुद्दों पर उन्होंने इस किताब में जो कुछ लिखा है, उससे यह देश और जनता बाखबर है. सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन के करीब तीन दशकों में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया छाया हुआ है. इसलिए कोई कितना भी जतन कर ले, कुछ छिपा नहीं सकता. 

 

सब जानते हैं कि सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के लिए सीताराम केसरी को कितना अपमानजनक ढ़ंग से हटाया गया. 2004 में एनडीए की पराजय के बाद जब यूपीए को सरकार बनाने का मौका मिला, तब सोनिया प्रधानमंत्री बनते-बनते रह गईं. इस बाबत इस किताब में लिखा गया है कि उनके बच्चे राहुल-प्रियंका नहीं चाहते थे कि वह प्रधानमंत्री बनें, क्योंकि वे दोनों अपने पिता और दादी के हश्र से शायद डरे हुए थे. 

 

इसके उलट एक दूसरी कहानी भी है जो लोगों को मालूम भी है, लेकिन प्रधानमंत्री न बनकर भी तो सरकार उन्होंने ने ही चलायी. सरकार का संपूर्ण नियंत्रण तो सोनिया की अध्यक्षता में बनी एनएसी के पास था. होता वही था तो मंजूर-ए-एनएसी होता था. 

 

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार संजय बारू की किताब "एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर" और विदेश मंत्री रहे नटवर सिंह की पुस्तक "वन लाइफ इज नॉट एनफ" में जो कुछ लिखा गया है, उसका खंडन सोनिया जी ने नहीं किया है जो शायद उनका अभीष्ट भी नहीं था. कारण यह कि इस किताब का स्वरुप आत्मकथात्मक है. इसमें न कोई विस्फोटक सामग्री है, न हैरान कर देने वाली कोई बात. सोनिया गांधी का मकसद शायद विवाद पैदा करना नहीं था. 

 

बावजूद इसके उन्होंने जिस साफगोई से इमरजेंसी का ठीकरा संजय गांधी पर फोड़कर न चाहते हुए भी इंदिरा जी को असहाय जैसा निरुपित किया है उससे इंदिरा के आयरन लेडी वाली प्रतिमा में दरार जरुर पड़ गई है. इसी प्रकार ऑपरेशन ब्लू स्टार और इंदिरा जी की हत्या के बाद सिखों के संहार पर जो कुछ किताब में लिखा गया है और समय से सेना के न पहुंच पाने का जो कारण बताया गया है, वह गले के नीचे नहीं उतरता है. इस धारणा की पुष्टि तो राजीव गांधी के इस बयान से भी होती है कि "जब बड़ा पेड़ गिरता है, तब जमीन हिलती है". 

 

इस किताब में नई जानकारी यह है कि राहुल से पहले सोनिया ने एक पुत्र को जन्म दिया था. वह एक प्रिमेच्योर डिलीवरी थी और वह पुत्र दो दिन में ही चल बसा. अयोध्या के विवादित ढ़ांचे (बाबरी मस्जिद) के ध्वंस के बाद सोनिया जी का रोना कोई नई बात नहीं है. वह तब भी रोयी थीं जब बाटला हाउस में आतंकी मारे गये थे. ऐसा सलमान खुर्शीद कह चुके हैं. सोनिया एक चतुर सुजान राजनीतिज्ञ हैं, इसलिए उन्हें ऐसी घटनाओं पर एक राजनीतिक संदेश तो देना ही था जो उन्होंने अपने आंसुओं से दिया. 

 

पहले यह किताब पेंग्विन से छपने वाली थी, लेकिन उसने छापने से मना कर दिया. इसका कारण शायद यह रहा होगा कि इसमें फुट नोट्स यानी संदर्भ या प्रमाण उद्धृत नहीं किये गये हैं. लेकिन जो लोग यह कयास लगा रहे थे कि इस किताब में कुछ ऐसा होगा जिससे सरकार हिल जाएगी, वे मायूस हुए हैं. 

 

इस किताब में न देश के खिलाफ कुछ है, न सरकार को चिंतित-व्यथित करने वाली कोई बात है. इस किताब में कोई नयी राजनीतिक जानकारी नहीं है और ना ही राजनीतिक घटनाओं के बारे में जो लिखा गया है, उसे समझने के लिए दिमाग खपाने की जरूरत है. 

 

अलबत्ता इस प्रेम कथा में हरिवंश राय बच्चन के परिवार खासतौर से अमिताभ बच्चन के बारे में कुछ भी नहीं लिखा गया है जबकि सोनिया जी भारत आने के बाद बच्चन जी के घर में ही रहीं, ऐसा वह भी मानती हैं. 

 

उसी प्रकार उन्होंने मेनका गांधी और संजय गांधी पर प्रतिकूल टिप्पणियां की हैं, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया है कि 1968 में विवाह के बावजूद उन्होंने 1983 में भारत की नागरिकता क्यों ली और वह भी संजय गांधी के निधन के बाद. 

 

इस पुस्तक में यह तो स्वीकार किया गया है कि यूपीए शासनकाल में प्रणव मुखर्जी और पी चिदंबरम में ठनी हुई थी, लेकिन बोफोर्स और शाहबानो मामले में अपेक्षित विवरण पुस्तक में अनुपलब्ध है. 

 

इसी प्रकार भाजपा के 1980 और 1984 में शर्मनाक पराजय का तो जिक्र है, लेकिन साफ नहीं किया गया है कि 1980 में भाजपा बनी ही थी, लोकसभा चुनाव के बाद और 1984 में कांग्रेस की ऐतिहासिक विजय का कारण इंदिरा जी की हत्या से उपजी सहानुभूति लहर था. 

 

पुस्तक में कुछ तथ्यगत भूलें भी रह गई हैं. पता नहीं किसी ने इसे संपादित किया था या नहीं. उदाहरण के तौर पर आरएसएस की स्थापना का वर्ष 1921 लिखा गया है जबकि आरएसएस का गठन 1925 में हुआ था और इसीलिए उसकी स्थापना की सौवीं वर्षगांठ पर अनेक कार्यक्रम हुए और हो रहे हैं. 

 

इसी प्रकार अण्णा हजारे के आंदोलन का वर्ष 2012 छपा है, जबकि आंदोलन हुआ था 2013 में. और तो और अहमद पटेल के निधन का वर्ष 2022 बताया गया है जबकि वह 2020 में ही चल बसे थे. 

 

चूक तो गोधरा कांड के दोषियों को लेकर भी हुई है. पुस्तक में जिक्र है कि इसमें शामिल लोगों की शिनाख्त नामालूम है, लेकिन सच यह है कि इस कांड के दोषियों को अदालत से सजा मिल चुकी है. 

 

कहा जा सकता है कि ये त्रुटियां मामूली हैं लेकिन इस बहुचर्तित और बहुआकांक्षी पुस्तक में तथ्यों की ये गलतियां खटकती हैं. फिर भी सोनिया गांधी के इस आत्मकथात्मक किताब में ढ़ेर सारी बातें उसी शैली में लिखी गई हैं जिसमें प्रायः ऐसी पुस्तकें लिखी जाती हैं. 

 

अपने जीवन और अनुभव की कहानी ईमानदारी से लिखनेवालों का हमेशा टोटा रहा है. बावजूद इसके इस किताब में दिलचस्पी का कारण यह है कि जवाहरलाल नेहरू के बाद वह इस परिवार की वह पहली महिला सदस्य हैं जिन्होंने आत्मकथात्मक पुस्तक लिखी हैं. नेहरू की किताब 1936 में आई थी, लेकिन तब वह प्रधानमंत्री नहीं थे. 

 

नेहरू और उनके प्रधानमंत्रित्वकाल पर पुस्तकें तो कई लिखी गईं हैं, लेकिन बाकलम प्रधानमंत्री नेहरु का पक्ष मालूम नहीं है. इंद्र कुमार गुजराल ने आत्मकथा जरुर लिखी है, लेकिन उनका कार्यकाल एक क्षेपक या स्टॉप गैप अरेंजमेंट से अधिक नहीं था. 

 

नरसिंह राव ने भी अपनी कहानी लिखी जरूर, लेकिन वह उपन्यास की शक्ल में लिखी गई है जिसके कारण सत्य और कथ्य का घालमेल इतना गाढ़ा है कि उसे बिलगाना कठिन है. 

 

बहरहाल, सोनिया गांधी ने अपनी किताब के माध्यम से इतना जरुर किया है कि अपने यानी नेहरु गांधी परिवार को नैतिकता के शिखर पर स्थापित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है.  

 

बतौर प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के गलत और विवादित फैसलों को इस रुप में पेश किया गया है मानो वे उन फैसलों से बेहद आहत और गमगीन थे. ऐसे सभी मुद्दों पर सोनिया खुद को "पोलिटिकली करेक्ट" के रुप में पेश करती दिख रही हैं. उन्होंने अपनी पुस्तक में "पोलिटिकल ब्लंडर" को भी करीने से बचाने का प्रयास किया है. 

 

पत्रकार कुलदीप नैयर ने लिखा है कि फाइलें सोनिया के घर जाती थीं, लेकिन इसका जिक्र किताब में होता तो संविधानेतर सत्ता केंद्र चलाने का आरोप लग जाता. जिन घटनाओं, परिघटनाओं का जिक्र इस किताब में जिस रुप से किया गया है, उन्हें देखने-समझने के दूसरे अनेक स्रोत मौजूद हैं, लेकिन देश के सबसे बड़े और पहले राजनीतिक परिवार के चतुर्दिक घटी घटनाओं को उस परिवार की एक बहू किस रुप में देखती-समझती है, यह जानना-समझना भी तो जरुरी है. इसलिए यह किताब खूब बिकेगी. कांग्रेसी तो इसे धर्मग्रंथ के रुप में भी देख रहे होंगे, लेकिन पढ़ने-लिखने के शौकीन आम लोग भी इसे खरीदना-पढ़ना जरुर चाहेंगे.

 

इस पुस्तक पर बहस भी होगी और सवाल भी उठेंगे, लेकिन यह किताब पढ़ी जाएगी जरूर. यही क्या कम है कि सोनिया गांधी ने एक किताब लिख डाली हैं. उनके इस साहस की तो सराहना होनी ही चाहिए. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही