Lagatar Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग में बने जिच के बीच गुरुवार को पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मेनिफेस्टों जारी किया. इस मेनिफेस्टो को पीडीए का प्रमाण पत्र नाम दिया गया है. लखनऊ में राजनीतिक गहमागहमी के बीच जारी इस मेनिफ़ेस्टो को लेकर सबकी नजरें टिकी रहीं. इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान भी मौजूद रहे.
इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा, "हमें हमेशा याद रखना चाहिए कि आज संविधान को लेकर लड़ाई चल रही है. एक तरफ़ वे लोग हैं, जो राजनीतिक सत्ता हासिल करने के लिए संविधान का दुरुपयोग करना चाहते हैं. दूसरी तरफ़ हम सभी पीडीए समुदाय के लोग हैं, जो संविधान की सामाजिक न्याय की सोच पर आधारित व्यवस्था स्थापित करना चाहते हैं."
उन्होंने कहा, "हम पीडीए समुदाय के लोग अब एकजुट हो गए हैं, ताकि संविधान में तथाकथित संशोधनों के नाम पर उसे कमज़ोर करने की किसी भी कोशिश को नाकाम कर सकें. हम ऐसी कोशिशों के ख़िलाफ़ एक साथ खड़े होने और लड़ने के लिए तैयार हैं."
पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान ने अखिलेश यादव को लेकर कहा, "वो बार-बार मुख्यमंत्री बनेंगे और शायद इससे भी आगे जाएंगे. वो सिर्फ़ यहीं तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि बहुत आगे जाएंगे." एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए सपा नेता आज़म ख़ान ने कहा, "जो लोग आजकल आपको परेशान कर रहे हैं, उन्हें आपने ही बड़ा बनाया है. उन्हें कोई ऐसी दवा मिलनी चाहिए, जिससे ख़ुद को बेवजह बड़ा समझने की उनकी बीमारी ठीक हो जाए और वे अपनी असली हैसियत में लौट आएं."
"उनके सामने कोई बहुत बड़ा मक़सद नहीं है. उनका एक छोटा-सा मक़सद है कि सरकारें कैसे न बनने दी जाएं. वो किंगमेकर तो नहीं बन सकते, लेकिन दूसरों का खेल बिगाड़ सकते हैं. यह एक छोटी और शर्मनाक सोच है."
“मैं आपको बचन देता हूँ कि सरकार बनने पर किसी भी क़ीमत पर गुंडागर्दी, माफियागिरी, महिलाओं के विरुद्ध अपराध बर्दाश्त नहीं किये जायेंगे , अपराधी चाहे किसी जाति, किसी भी धर्म, किसी पार्टी का हो उसे कारावास भेज दिया जाएगा।” • माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी https://t.co/Oo9dfauBxD
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) November 26, 2026
लड़कियों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी बड़ा ऐलान
समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में युवाओं पर जोर दिया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि युवाओं के लिए शिक्षा के समान अवसर प्रदान किया जाएगा। सपा प्रमुख ने विशेष राज्य शिक्षा नीति लाने की बात कही. 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 2-3 करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का भी वादा किया. साथ ही 5,000 रुपये हर माह बेरोज़गारी भत्ते का ऐलान भी घोषणा पत्र में किया गया है.
सपा के घोषणा पत्र में लड़कियों के लिए भी कई ऐलान किये गए हैं. सबसे प्रमुख KG से PG तक की बेटियों की शिक्षा मुफ्त का ऐलान किया गया है. इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा बचाव और कल्याण के लिए सीनियर एक्ट लाया जायेगा। उनके लिए बस यात्रा मुफ्त करने की भी बात प्रणपत्र में कही गई है.