Ranchi : झारखंड विधानसभा में एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 को लेकर चल रही चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष की विधायक कल्पना सोरेन ने सरकार का पक्ष रखते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह संशोधन देश के संघीय ढांचे पर प्रहार है. राज्य को अपने विकास और संसाधनों के इस्तेमाल के लिए केंद्र सरकार के इशारों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए.
कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ था. हमारे वीर शहीदों ने स्थानीय संसाधनों पर अधिकार के लिए संघर्ष किया था. ऐसे में खनिज संपदा से जुड़े राज्य के अधिकारों को सीमित किए जाने पर सभी को गंभीरता से विचार करना चाहिए.
कल्पना सोरेन ने कहा कि संविधान की सातवीं अनुसूची के तहत खनिजयुक्त भूमि पर कर और उपकर लगाने का अधिकार राज्य सरकार के पास है. इसके बावजूद राज्य की संवैधानिक शक्तियों को सीमित कर उसे कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है. केंद्र सरकार ने सवाल पूछा कि क्या संशोधन को लागू करने से पहले यह आकलन किया था कि इससे खनिज और खनन वाले राज्यों की वित्तीय स्थिति पर क्या प्रभाव पड़ेगा?
गांडेय विधायक ने कहा कि जब राज्य की जमीन के भीतर से खनिज निकलता है तो उससे जुड़े अधिकारों और जिम्मेदारियों में राज्य की भूमिका महत्वपूर्ण होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जिन इलाकों से खनिज निकलता है, वहां के स्थानीय लोगों को प्रदूषण, विस्थापन और दूसरी समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जबकि खनिज से होने वाले लाभ का बड़ा हिस्सा दूसरे क्षेत्रों में चला जाता है.
कल्पना ने कोयला और सोलर कंपनियों के पास बड़ी मात्रा में जमीन होने का भी उल्लेख किया. उनके अनुसार, कोयला कंपनियों के पास दो लाख एकड़ से अधिक और सोलर कंपनियों के पास करीब 42 हजार एकड़ जमीन है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने संसाधनों का उपयोग जनता को बेहतर जीवन देने के लिए करना चाहती है. लेकिन केंद्र के इस संशोधन से विकास के लिए संसाधन जुटाने की क्षमता प्रभावित होगी.
उन्होंने बकाया राजस्व और भविष्य में राज्य के वित्तीय स्रोतों के संरक्षण पर भी चिंता जताई. सदन में कल्पना ने जल उपयोग से जुड़ी योजनाओं पर संभावित प्रभाव का मुद्दा भी उठाया. कल्पना ने कहा कि केंद्र सरकार को राज्यों की वित्तीय स्वायत्तता और संघीय व्यवस्था की स्थिरता सुनिश्चित करनी चाहिए.
गांडेय विधायक ने कहा कि झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है कि यहां के लोग पर्यावरण और खनन का बोझ उठाएं और लाभ दूसरे क्षेत्रों के लोगों को मिले. यह किसी दल विशेष का नहीं, बल्कि राज्य के हित का सवाल है. देश की समृद्धि का रास्ता झारखंड की गरीबी से होकर नहीं गुजरना चाहिए. उन्होंने सभी दलों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करने की अपील की.