Lagatar Desk : देश की किफायती विमानन कंपनी स्पाइसजेट (SpiceJet) इस समय अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है. लगातार रद्द होती उड़ानों और बिगड़ते संचालन के बीच एविएशन सेक्टर के रेगुलेटर DGCA ने एयरलाइन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. कंपनी को अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए 7 दिनों का समय दिया गया है.
DGCA ने कंपनी से लगातार रद्द हो रही उड़ानों, बकाया पैसे न चुकाने से कामकाज पर पड़ रहे असर और सुरक्षा व संचालन नियमों की अनदेखी पर सफाई मांगी है. एयरलाइन को जवाब देने के लिए 7 दिनों की मोहलत दी गई है. अगर कंपनी तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं देती है, तो उस पर और सख्त कार्रवाई हो सकती है.
66 में से सिर्फ 15 फ्लाइट्स ही उड़ रहीं
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, DGCA ने स्पाइसजेट को सर्दियों के शेड्यूल में रोजाना करीब 66 फ्लाइट्स चलाने की इजाजत दी थी. लेकिन कंपनी मुश्किल से 15 फ्लाइट्स ही उड़ा पा रही है. एयरलाइन के पास विमान कम हैं और अगर विमान है भी तो वो ग्राउंडेड हैं. लेकिन इसके बावजूद कंपनी सभी 66 फ्लाइट्स के टिकट बुक कर रही है.
आधे पर सिमटा मार्केट शेयर
नतीजतन आखिरी समय पर उड़ानें रद्द हो रही हैं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इतना ही नहीं स्पाइसजेट को शेयर बाजार में भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर में स्पाइसजेट का घरेलू बाजार में हिस्सेदारी घटकर आधा यानी सिर्फ 0.6 फीसदी रह गया है, जो अगस्त में 1.2 फीसदी थी.
DGCA ने उठाए कई गंभीर सवाल
DGCA ने अपने नोटिस में स्पाइसजेट की कई अन्य गंभीर कमियों को लेकर सवाल उठाए हैं और कंपनी ने सभी सवालों का जवाब तय समय के अंदर देने का निर्देश दिया है.
बीमा पर संकट : एयरलाइन के अनिवार्य बीमा कवर (इंश्योरेंस) के रिन्यूअल को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.
विदेशी एजेंसियों की चिंता : सर्विस प्रोवाइडर्स को समय पर भुगतान न करने के कारण विदेशी विमानन प्राधिकरणों ने भी कंपनी के कामकाज पर चिंता जताई है.
पुराना जुर्माना बाकी : बार-बार याद दिलाने के बावजूद कंपनी ने पहले लगा जुर्माना अभी तक जमा नहीं किया है.
नियमों का उल्लंघन : एयरलाइन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की पात्रता शर्तों को पूरा करने में विफल रही है और छोटे रूट्स पर उड़ान चलाने के नियमों (RDG) को भी लगातार तोड़ रही है.