Search

 
 
 

राष्ट्रीय खेल दिवस पर झारखंड के स्कूलों में 27 से 30 अगस्त तक खेल गतिविधियां

Ranchi: राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर झारखंड के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” थीम के तहत 27, 29 और 30 अगस्त को विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियां आयोजित होंगी.
 

Ranchi: राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर झारखंड के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” थीम के तहत 27, 29 और 30 अगस्त को विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियां आयोजित होंगी. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ना, फिटनेस के प्रति जागरूक करना और विद्यालयों में स्वस्थ जीवनशैली एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है.

 

इसे भी पढ़ें:

 

कार्यक्रम के पहले दिन 27 अगस्त को “ऊर्जावान 29 चैलेंज” के तहत पुशअप, स्किपिंग और प्लैंक जैसी फिटनेस गतिविधियां कराई जाएंगी. इसके अलावा “पास द बॉल” और “स्पोर्ट्स बंधन” जैसी गतिविधियों के साथ खेल एवं स्वास्थ्य विषय पर स्लोगन, नारा और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. योग, मास पिटी, मार्शल आर्ट, रस्साकशी और तीरंदाजी जैसे पारंपरिक एवं सांकेतिक खेलों का भी प्रदर्शन किया जाएगा.

मेजर ध्यानचंद को दी जाएगी श्रद्धांजलि

29 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर विद्यालयों में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. विद्यार्थी और शिक्षक उनके जीवन, खेल उपलब्धियों तथा स्वास्थ्य, खेल और जीवन में अनुशासन के महत्व पर अपने विचार रखेंगे. इस दौरान खेल शपथ और हाउसवार मार्च-पास्ट भी आयोजित किया जाएगा.

विभिन्न आयु वर्ग के लिए खेल प्रतियोगिताएं

कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए 50 मीटर दौड़, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच-गोली दौड़, कैरम और लूडो जैसी प्रतियोगिताएं होंगी. कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए 100 और 200 मीटर दौड़, कबड्डी/खो-खो, शतरंज और टेबल टेनिस आयोजित होंगे.

 

वहीं, कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 400 और 800 मीटर दौड़, फुटबॉल/ हॉकी/ कबड्डी, बैडमिंटन और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी. छात्र-शिक्षक मैत्री खेल के तहत रस्साकशी, क्रिकेट/फुटबॉल और म्यूजिकल चेयर जैसी गतिविधियां भी होंगी. कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा.

 

दिव्यांग विद्यार्थियों की भागीदारी पर जोर

राष्ट्रीय खेल दिवस की सभी गतिविधियों में विद्यालयों के दिव्यांग बच्चों (CWSN) के सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया जाएगा. उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक की ओर से विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि वे सुरक्षित, सहज और सम्मानजनक वातावरण में खेल एवं फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा ले सकें.

 

30 अगस्त को होगी साइकिल रैली

30 अगस्त को “Sundays on Cycle” के तहत स्वास्थ्य और फिटनेस केंद्रित साइकिल रैली या विशेष दौड़ का आयोजन किया जाएगा. इसके माध्यम से विद्यार्थियों और आम लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खेल और फिटनेस के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया जाएगा.

 

विभाग ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक, शारीरिक शिक्षा शिक्षक और नोडल शिक्षकों को विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. विद्यालयों में खेल सामग्री, प्राथमिक उपचार, पेयजल और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करने को भी कहा गया है. आयोजित कार्यक्रमों की तस्वीरें और संक्षिप्त रिपोर्ट जिला शिक्षा परियोजना कार्यालय के माध्यम से राज्य परियोजना कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही