Search

SR रूंगटा बी-डिविजन लीग : फेनेटिक और शाह स्पोर्ट्स का मैच टाई

तीन रन में पांच विकेट गंवाकर फेनेटिक के हाथ से फिसला मैच Sukesh kumar Chaibasa :  30वीं एसआर रूंगटा बी-डिविजन लीग के उद्घाटन मैच का बुधवार को रोमांचक अंत हुआ. फेनेटिक क्लब चाईबासा और शाह स्पोर्ट्स अकादमी चक्रधरपुर के बीच आज खेले गये मैच का परिणाम ``टाई`` रहा और प्रतियोगिता के नियमानुसार दोनों टीमों को बराबर अंक (दो -दो) बांट दिये गये.

टॉस जीतकर फेनेटिक ने गेंदबाजी का किया फैसला

फेनेटिक क्लब ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और शाह स्पोर्ट्स अकादमी को बल्लेबाजी का न्यौता दिया. शाह स्पोर्ट्स अकादमी की पूरी टीम 22.5 ओवर में मात्र 130 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी. नितेश पासवान ने दो चौके और चार छक्के की मदद से सर्वाधिक 44 रन बनाये. वहीं डेविड सागर मुंडा ने छह चौके और एक छक्के की मदद से 40 रनों का योगदान दिया. दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी निभाई.  फेनेटिक क्लब की ओर से सावन गोप ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 12 रन देकर पांच बल्लेबाजों को चलता किया. अंश राज ने दो और सुनील चंपिया, कृष्णा देवगम व अभिषेक बोदरा ने एक-एक विकेट अपने नाम किये.

27वें ओवर की दूसरी गेंद पर पलटा पासा

जीत के लिए निर्धारित 30 ओवरों में 131 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फेनेटिक क्लब की टीम का स्कोर 27वें ओवर की समाप्ति पर पांच विकेट के नुकसान पर 127 रन था और उसे जीत के लिए तीन ओवर में मात्र चार रनों की आवश्यकता थी. फेनेटिक क्लब आसानी से मैच अपने नाम कर लेती. लेकिन खेल का पासा पलटा और 27वें ओवर की दूसरी गेंद पर शुभम रॉय ने जमे हुए बल्लेबाज सावन गोप को क्लीन बोल्ड कर मैच में सनसनी फैला दी. बाकी कसर कप्तान शाहनवाज अंसारी ने पूरी कर दी. कप्तान ने मैच के अगले ही ओवर में तीन विकेट चटकाकर फेनेटिक क्लब की कमर ही तोड़ डाली. 28वें ओवर की समाप्ति पर फेनेटिक क्लब का स्कोर नौ विकेट के नुकसान पर 129 था और अगले दो ओवर में उसे जीत के लिए दो रनों की आवश्यकता थी. लेकिन 29वें ओवर में नितेश पासवान ने मात्र एक देकर अंतिम विकेट अपने नाम कर मैच को टाई करा दिया.

कप्तान शाहनवाज अंसारी रहे मैच के हीरो

फेनेटिक क्लब की ओर से अभिषेक बोदरा ने तीन चौके और चार छक्के की मदद से सर्वाधिक 47 रन बनाये. जबकि सावन गोप ने 32 और अंश राज ने 19 रनों का योगदान दिया. शाह स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से कप्तान शाहनवाज अंसारी मैच के हीरो रहे. उन्होंने 19 रन देकर चार विकेट अपने नाम किये. शुभम रॉय ने 20 रन देकर तीन विकेट और नीरज यादव व नीतेश पासवान ने एक-एक विकेट अपने नाम किये.

असीम कुमार सिंह ने शानदार शॉट लगाकर प्रतियोगिता का किया प्रारंभ

इससे पूर्व प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के पूर्व उपाध्यक्ष सह पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने किया. उन्होंने जिला क्रिकेट संघ का झंडोतोलन कर दोनों टीमों के खिलाड़ियों और मैच पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा दोनों कप्तानों के बीच टॉस भी करवाया. उन्होंने जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष सुप्रियो फौजदार की गेंद पर शानदार शॉट लगाकर प्रतियोगिता प्रारंभ करने की घोषणा की.

उद्घाटन कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर दोनों अंपायर क्रमशः जयंत श्रीवास्तव, तेजनाथ लकड़ा, स्कोरर संदीप रॉय, जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव ओम प्रकाश गुप्ता, अनूप बर्मन, सहायक सचिव शाहिद अख्तर, कार्यकारिणी सदस्य जितेंद्र चौबे, आजीवन सदस्य राज कुमार बुधिया, गुरमित सिंह सहित काफी संख्या में क्रिकेटर एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे. बता दें कि मैच का उद्घाटन कोल्हान प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार को करना था. लेकिन किसी कारण वश वे नहीं आ पाये. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp