- कान्हा की भक्ति में रंगा किन्नर समाज
Dhanbad News : कोयलांचल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम के बीच एक बेहद खूबसूरत और प्रेरक तस्वीर सामने आई. किन्नर समाज ने पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया. भक्ति गीतों की गूंज और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ इस आयोजन ने न सिर्फ धार्मिक आस्था का परिचय दिया, बल्कि समाज को प्रेम, करुणा और समानता का एक बड़ा संदेश भी सौंपा.

विधि-विधान से बाल-गोपाल की पूजा की
कार्यक्रम में किन्नर समाज कल्याण बोर्ड की सदस्य सुनैना सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन संघर्ष, कर्तव्य और धर्म की रक्षा का सबसे बड़ा प्रतीक है. किन्नर समाज के सदस्यों ने पारंपरिक विधि-विधान से बाल-गोपाल की पूजा की और देर रात तक भक्ति गीतों पर अपनी आस्था व्यक्त की.

किन्नरों ने श्रीकृष्ण को झूला झुलाया
सुनैना सिंह ने कहा कि कान्हा की शिक्षाएं हमें समानता सिखाती हैं.किन्नर समाज भी सम्मान, समान अधिकार और समाज में बराबरी के स्थान का हकदार है. उन्होंने कोयलांचलवासियों से अपील की कि वे आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें. उत्सव के समापन पर देश और समाज की खुशहाली, शांति व उन्नति के लिए विशेष प्रार्थना की गई और लोगों ने एक-दूसरे को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें