Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

विधानसभा घेराव : रांची डीसी और SSP की प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा, उपद्रवियों की होगी पहचान, CCTV और ड्रोन फुटेज से होगी कार्रवाई

डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि छात्रों से पहले ही बातचीत हुई थी. विधानसभा घेराव को शांतिपूर्ण रखने की बात कही गई थी. पुलिस ने भी पूरी स्थिति में संयम बरतते हुए अभ्यर्थियों को जहां तक संभव हो, आगे जाने दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस की कोशिश रही कि न्यूनतम बल का इस्तेमाल कर कानून-व्यवस्था को सामान्य बनाए रखा जाए.
Advertisement
Advertisement

 Ranchi : JPSC और JSSC समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने सोमवार को विधानसभा का घेराव किया. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी. पूरे मामले को लेकर डीसी मंजूनाथ भजंत्री और रांची के SSP राकेश रंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस की कार्रवाई को लेकर जानकारी दी.

 

डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि छात्रों से पहले ही बातचीत हुई थी. विधानसभा घेराव को शांतिपूर्ण रखने की बात कही गई थी. पुलिस ने भी पूरी स्थिति में संयम बरतते हुए अभ्यर्थियों को जहां तक संभव हो, आगे जाने दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस की कोशिश रही कि न्यूनतम बल का इस्तेमाल कर कानून-व्यवस्था को सामान्य बनाए रखा जाए.

 

उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद पदाधिकारियों को उकसाने का प्रयास किया. इसी दौरान एक जवान पर पत्थर भी मारा गया. एक अन्य जवान के दबने की स्थिति पैदा हो गई, जिससे उसकी जान को खतरा था. जवान को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.

 

SSP ने विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद की स्थिति का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि विधानसभा से बड़ी संख्या में कर्मचारी और पदाधिकारी उसी रास्ते से बाहर निकलने वाले थे. पुलिस और दंडाधिकारी की ओर से प्रदर्शनकारियों से रास्ता देने का कई बार अनुरोध किया गया, लेकिन रास्ता नहीं मिलने पर स्थिति को सामान्य करने के लिए हल्का बल प्रयोग कर रास्ता खाली कराया गया.

 

वीडियो फुटेज से होगी उपद्रवियों की पहचान

राकेश रंजन ने कहा कि आज के पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई गई है. पुलिस के पास ड्रोन फुटेज समेत अन्य वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है. इन फुटेज के आधार पर उपद्रव या हिंसा करने वाले लोगों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

SSP ने कहा कि लंबे समय से आंदोलन कर रहे झारखंड के छात्रों ने अब तक काफी संयम का परिचय दिया है. उनके मुताबिक कुछ बाहरी और असामाजिक तत्वों ने आंदोलन का फायदा उठाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की. ऐसे लोगों को चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

 

 बंद को लेकर SSP की अपील

प्रेस कॉन्फ्रेंस में SSP ने मंगलवार को प्रस्तावित बंद को लेकर भी अपील की. उन्होंने कहा कि बंद को शांतिपूर्ण तरीके से कराया जाए. अगर कोई व्यक्ति जबरदस्ती, हिंसा या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करता है तो पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी.

 

उन्होंने यह भी बताया कि विधानसभा घेराव में शामिल कई छात्र देर रात तक अपने घर नहीं पहुंच पाए होंगे. ऐसे छात्रों की मदद के लिए पुलिस की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर छात्रों को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड या दूसरे जिलों में जाने के लिए वाहन उपलब्ध कराने में पुलिस सहयोग करेगी.

 

SSP ने कहा कि आज का कार्यक्रम कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा और इसे शांतिपूर्ण बनाए रखने में छात्रों, प्रशासन और पुलिस सभी का सहयोग रहा. उन्होंने सभी से आगे भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही