Search

 
 
 

सहमा शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम, तीन घंटे में निवेशकों को 3.17 लाख करोड़ का लगा चूना

 
LagatarDesk :   भारतीय शेयर बाजार में आज भारी बिकवाली देखने को मिल रही है. 12 बजकर 55 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स 898.61 अंकों (1.10%) की गिरावट के साथ 808498.9 के लेवल पर ट्रेड करता नजर आया. वहीं एनएसई निफ्टी में 273.45 अंक (1.11%) फिसलकर 24394.8 के लेवल पर कारोबार करता दिखा. इससे पहले दोपहर 12 बजकर 17 मिनट में सेंसेक्स 952.84 अंकों की गिरावट के साथ 80,801.30 अंकों पर कारोबार कर रहा था. जबकि कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स 80,732.93 अंकों के साथ दिन के लोअर लेवल पर भी पहुंचा. वहीं दूसरी ओर निफ्टी 288.75 अंकों की गिरावट के साथ 24,379.50 अंकों पर कारोबार करता नजर आया. जबकि कारोबारी सत्र के दौरान निफ्टी करीब 300 अंकों की गिरावट के साथ 24,366.40 अंकों पर आ गयी थी.

तीन घंटे में निवेशकों को लगा 3.17 लाख करोड़ का चूना

शेयर बाजार में आयी बिकवाली के कारण केवल तीन घंटे में ही निवेशकों के तीन लाख करोड़ से ज्यादा डूब गये.. एक दिन पहले सेंसेक्स का मार्केट कैप 4,60,06,557.30 करोड़ रुपये था. जो मंगलवार को 4,56,89,322.41 करोड़ पर आ गया. इस तरह बीएसई के मार्केट कैप 3,17,234.89 करोड़ घट गया.

भारती एयरटेल के शेयरों में 2.71 फीसदी की गिरावट

बीएसई सेंसेक्स में लिस्टेड 30 शेयरों वाले सेंसेक्स के केवल चार शेयर हरे निशान पर ट्रेड कर रहे हैं. जबकि 26 शेयर लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं. बीएसई सेंसेक्स में लिस्टेड आईटीसी के शेयरों में सबसे अधिक 0.77 फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है. वहीं भारती एयरटेल के शेयरों में सबसे अधिक 2.71 फीसदी की गिरावट नजर आ रही है. आज के टॉप गेनर की लिस्ट में आईटीसी, अडानी पोर्ट्स, टाटा मोटर्स और एचयूएल के शेयर शामिल हैं. वहीं टॉप लूजर की श्रेणी में भारती एयरटेल, लार्सन, टीसीएस, पावरग्रिड और रिलायंस के शेयर शामिल हैं.

डॉलर की मजबूती और फेड रिजर्व की बैठक का शेयर बाजार पर असर

दरअसल अमेरिकी डॉलर की मजबूती के कारण रुपये में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है. जिसका असर शेयर बाजार में देखने को मिल रहा है. फिलहाल एक अमेरिकी डॉलर की कीमत भारतीय रुपये में 84.93 रुपये है. वहीं दूसरी तरफ फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक 18 दिसंबर को होने वाली है. इस बैठक में एफओएमसी ब्याज दरों में 25 बेसिस पाइंट की कटौती कर सकता है. इसका असर भी शेयर बाजार पर पड़ रहा है.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही