Jamshedpur News: जमशेदपुर के बिष्टुपुर के चुना बाबा मजार के पास सोमवार को कांग्रेस व भाजपा के नेता-कार्यकर्ता आमने सामने आ गये. पहले दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की, फिर पत्थरबाजी और बाद में एक दूसरे पर लाठियां चलायीं. दोनों दलों के कई नेता-कार्यकर्ता को हल्की चोटें आयी हैं. स्थिति को संभालने के लिए वहां तैनात पुलिस के जवानों को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता-नेता एक-दूसरे से दूर हुए.
दरअसल शुरुआत नारेबाजी से हुई, लेकिन देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी चलने के साथ पत्थरबाजी भी हुई. इस घटना में भाजपा के तीन कार्यकर्ताओं के सिर में चोट लगी, जबकि कांग्रेस का एक कार्यकर्ता भी घायल हुआ है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तनाव को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया.

कांग्रेस व भाजपा के बीच पत्थरबाजी की तस्वीर
जानकारी के मुताबिक, जेएनयू के प्रोफेसर, जो कांग्रेस के नेता हैं, उन पर एक छात्रा का यौन शोषण करने का आरोप लगा था. जेएनयू प्रशासन ने आरोपों की जांच कर प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की है. इसी मामले को लेकर भाजपा व महिला भाजपा मोर्चा के द्वारा देश भर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं.
वहीं झड़प के दौरान भाजपा के तीन कार्यकर्ताओं के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है. वहीं, कांग्रेस का एक कार्यकर्ता भी घायल हुआ है. हालांकि घटना की शुरुआत किस ओर से हुई और विवाद किन परिस्थितियों में हिंसक हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. घटना के बाद भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू मौके पर धरने पर बैठ गईं. उनके धरने पर बैठने से मामला और गरमा गया. हालांकि, करीब आधे घंटे बाद उन्होंने धरना समाप्त कर दिया.
यहां बता दें कि जेएनयू प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी. इसी क्रम में भाजपा कार्यकर्ता जी टाउन मैदान से मार्च करते हुए बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय पहुंचे. वहां पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी विरोध का मोर्चा संभाल लिया. दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी शुरू हुई और कुछ ही देर में स्थिति बिगड़ गई. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच टकराव शुरू हो गया. इस दौरान लाठी चलने और पत्थरबाजी की घटना सामने आई, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए.
दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है. पुलिस की ओर से पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है, ताकि दोबारा किसी तरह का टकराव न हो और इलाके में शांति बनी रहे. जेएनयू प्रकरण को लेकर शुरू हुआ विरोध अब जमशेदपुर में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधे राजनीतिक संघर्ष का रूप ले चुका है. फिलहाल पुलिस की निगरानी में स्थिति को नियंत्रित रखने का प्रयास किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें -
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

