Lagatar Desk : भारतीय शेयर बाजार में आज जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है. कारोबार की शुरुआत होते ही बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,600 अंकों से अधिक उछल गया. वहीं, एनएसई का निफ्टी भी करीब 400 अंकों की बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया. हालांकि, सुबह 9:30 बजे तक दोनों प्रमुख सूचकांकों ने अपनी शुरुआती बढ़त का कुछ हिस्सा गंवा दिया, लेकिन बाजार में तेजी बरकरार रही.
सुबह 9:30 बजे सेंसेक्स 1,377.15 अंकों की बढ़त के साथ 78,678.55 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी 385.45 अंकों की तेजी के साथ 24,346.05 के स्तर पर पहुंच गया था. इस दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 हरे निशान पर कारोबार कर रहे थे, जबकि केवल एक शेयर में गिरावट दर्ज की गई.
इंटरग्लोब एविएशन टॉप गेनर
आज के कारोबार में इंटरग्लोब एविएशन के शेयरों में सबसे अधिक 4.77 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई. वहीं, कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 0.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया.आज के टॉप गेनर की लिस्ट में इंटरग्लोब एविएशन (4.77%), बजाज फाइनेंस (4.31%), एशियन पेंट्स (4.33%), मारुति सुजुकी (2.90%) और महिंद्रा एंड महिंद्रा (3.01%) के शेयर शामिल हैं.
इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट (2.90%), लार्सन (2.42%), आईसीआईसीआई बैंक (2.36%), एचडीएफसी बैंक (2.55%), इंफोसिस (1.99%), बजाज फिनसर्व (2.03%), एसबीआई (1.92%), टीसीएस (1.79%), एक्सिस बैंक (1.79%), टेक महिंद्रा (1.83%), ट्रेंट (1.75%), अडानी पोर्ट्स (1.08%) और टाटा स्टील (1.07%) के शेयरों में लिवाली देखने को मिल रही है.
वहीं एचयूएल (1.09%), सनफार्मा (1.22%), भारत इलेक (0.85%), पावर ग्रिड (0.88%), इटर्नल (0.58%), आईटीसी (0.52%), टाइटन (0.28%),एनटीपीसी (0.34%), रिलायंस (0.44%) और भारती एयरटेल (0.30%) के शेयर भी हरे निशान पर ट्रेड कर रहे हैं.
इन फैक्टर्स का बाजार पर असर
शेयर बाजार में तेजी के पीछे कई वैश्विक घटनाक्रमों को वजह माना जा रहा है. अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगने और डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत की खबरों के बीच वैश्विक बाजारों में हलचल देखने को मिली है.
इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई. ब्रेंट क्रूड करीब 10 प्रतिशत टूटकर 90 डॉलर प्रति बैरल के नीचे पहुंच गया. वहीं, ईरान की ओर से भारतीय जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दिए जाने की खबर भी बाजार के लिए अहम मानी जा रही है.