Search

 
 
 

आम जनता से दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई : DGP

 
Ranchi :  आम जनता से दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. इसको लेकर डीजीपी अनुराग गुप्ता ने रेंज के डीआईजी और जिले के एसपी को आदेश जारी किया है. डीजीपी ने राज्य के सभी जिलों में थाना प्रभारी व थाना के अन्य कर्मियो को आम जनता के प्रति अच्छा व्यवहार करने के संबंध में कई दिशा-निर्देश भी जारी किये हैं.

डीजीपी ने तुरंत मामला दर्ज करने का दिया निर्देश

डीजीपी ने जारी दिशा निर्देश में कहा है कि साइबर अपराध, एसटी, एससी, मानव तस्करी और महिला अपराध से संबंधित भुक्तभोगी के आवेदन पर आवेदित थाना में ही मामला दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई करें. किसी भी पीड़िता के आवेदन पर क्षेत्र के संबंध में विचार किये बिना अविलंब आवेदित थाना में मामला दर्ज करें. सभी रेंज के डीआईजी और एसपी को निर्देश दिया कि अपने-अपने जिला और क्षेत्र में ऐसी व्यवस्था कायम करें कि यदि थाना प्रभारियों द्वारा आम जनता के आवेदन पर आवश्यक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वे अपनी शिकायतों को वरीय अधिकारियों के पास दर्ज करा सकें.

जनता के प्रति अच्छा व्यवहार करने के लिए करें प्रेरित

डीजीपी ने जारी दिशा निर्देश में कहा है कि एसपी और रेंज के डीआईजी भ्रमण के क्रम में थानेदारों और थाना में पदस्थापित मुंशी और अन्य कर्मियों को आम जनता के प्रति अच्छा व्यवहार करने के लिए प्रेरित करें. डीजीपी ने इस संदर्भ में सीआईडी आईजी और स्पेशल आईजी को निर्देश दिया कि प्रत्येक जिला में उनके इकाई से प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी/पुलिसकर्मियों को निर्देश दें कि वे जनता के साथ दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों पर निगाह रखें. यदि इस तरह कोई मामला सामने आता है तो तुरंत इसकी जानकारी हमे दें.
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही