Ranchi : आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से औपचारिक मुलाकात की. नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात थी.
मुलाकात के दौरान सुदेश महतो ने नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की शुभकामनाएं और बधाई दीं. उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और अधिक मजबूत होगा.
बैठक में झारखंड में एनडीए को सशक्त बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ. दोनों नेताओं ने संगठनात्मक मजबूती, सहयोगी दलों के समन्वय और चुनावी रणनीति पर अहम बातचीत की.
मुलाकात के बाद सुदेश महतो ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा कि एनडीए का संकल्प राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का है. उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि नितिन नबीन के नेतृत्व में एनडीए की एकता और अधिक सुदृढ़ होगी तथा जनसेवा और विकास की राजनीति को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Leave a Comment