Ranchi News: लालपुर थाना क्षेत्र के विंध्यवासिनी अपार्टमेंट में मृत पाए गए पूर्व आईएएस अधिकारी सुनील कुमार की मौत के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला है. उनके फ्लैट से कई पन्नों में लिखा एक नोट बरामद किया गया है. पुलिस के मुताबिक, इस नोट में उन्होंने अपनी मौत को आत्महत्या के बजाय शरीर का बलिदान बताया है.
इसे भी पढ़ें:
लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार के अनुसार, नोट में सुनील कुमार ने लंबे समय से बीमारी और घुटने में दर्द से परेशान रहने का उल्लेख किया है. इसके अलावा उन्होंने अपनी अंतिम इच्छा भी लिखी है. उन्होंने वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार किए जाने की इच्छा जताई है.
पुलिस ने बरामद नोट को एफएसएल जांच के लिए भेज दिया है. नोट की लिखावट और उसमें दर्ज तथ्यों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों को स्पष्ट करने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
बताया गया कि रविवार को विंध्यवासिनी अपार्टमेंट स्थित फ्लैट में पूर्व आईएएस अधिकारी सुनील कुमार का शव मिला था. फ्लैट में काम करने वाली नौकरानी ने उन्हें मृत अवस्था में देखा. इसके बाद उसने आसपास के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही लालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. अब सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस उसकी सामग्री और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों को जोड़कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

