Search

 
 
 

इमरान खान की गिरफ्तारी पर भड़के समर्थक, आर्मी मुख्यालय पर हमला, धारा 144 लागू

 
Lahore : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मंगलवार को नाटकीय रूप से गिरफ्तार किए जाने के बाद उनके समर्थकों ने रावलपिंडी में सेना मुख्यालय और लाहौर में कोर कमांडर के आवास पर धावा बोल दिया.इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद सरकार ने यूट्यूब, फेसबुक और ट्विटर पर पाबंदी लगा दी है. पूरे पाकिस्तान में इंटरनेट बंद है. लाहौर से इस्लामाबाद पहुंचे खान इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में एक बायोमेट्रिक प्रक्रिया से गुजर रहे थे, तभी रेंजर्स ने कांच की खिड़की को तोड़ दिया और वकीलों एवं खान के सुरक्षा कर्मचारियों की पिटाई करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया. इस्लामाबाद शहर में प्रदर्शनों के दौरान पांच पुलिस अधिकारी घायल हो गए जबकि 43 प्रदर्शनकारियों को कानून का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. रावलपिंडी में सेना मुख्यालय के पास बेकाबू भीड़ पर सेना ने फायरिंग की. क्वेटा में भी पीटीआई कार्यकर्ता पर गोली चलाई गई है. कई लोगों के हताहत होने की खबर है.

पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रमुख खान की गिरफ्तारी से एक दिन पहले सेना ने उन पर खुफिया एजेंसी ‘आईएसआई` के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ निराधार आरोप लगाने का इल्जाम लगाया था. खान को गिरफ्तार किए जाने की खबर फैलते ही पाकिस्तान के कई शहरों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए. कई जगहों पर प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए. उन्होंने पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया.

सेना मुख्यालय के मुख्य द्वार को तोड़ दिया

खान के समर्थकों ने रावलपिंडी में सेना के विशाल मुख्यालय के मुख्य द्वार को तोड़ दिया. हालांकि इस दौरान सैनिकों ने संयम बरता वहीं प्रदर्शनकारियों ने सेना के खिलाफ नारेबाजी की. लाहौर में, बड़ी संख्या में ‘पीटीआई` कार्यकर्ताओं ने कोर कमांडर के लाहौर आवास पर धावा बोल दिया और गेट व खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए. हालांकि सेना के जवानों ने वहां उग्र प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश नहीं की. प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान सेना के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने छावनी इलाके में विरोध प्रदर्शन किया. मुख्य सड़कों पर विरोध प्रदर्शन के कारण लाहौर बाकी प्रांत से लगभग कट गया.

धारा 144 लागू

सबसे अधिक आबादी वाले प्रांत पंजाब की कार्यवाहक सरकार ने कानून-व्यवस्था काबू करने के लिए रेंजरों को बुलाया और धारा 144 लगा दी, जिसके तहत एक जगह पर पांच से अधिक लोग इकट्ठा नहीं हो सकते. गृह विभाग के मुताबिक, दो दिन तक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी. पंजाब सरकार ने पाकिस्तान दूरसंचार प्राधिकरण से प्रांत के उन क्षेत्रों में इंटरनेट और मोबाइल सेवाओं को निलंबित करने का अनुरोध किया जहां हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए हैं. बड़ी संख्या में पीटीआई कार्यकर्ताओं ने फैसलाबाद शहर में गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह के आवास पर भी पथराव किया. इसी तरह, मुल्तान, झंग, गुजरांवाला, शेखूपुरा, कसूर, खानेवाल, वेहारी, हफीजाबाद और गुजरात शहरों में भी विरोध प्रदर्शन हुए हैं.

कोर्ट में होगी इमरान खान की पेशी, रखी जाएगी रिमांड की मांग

बुधवार (10 मई) को इमरान खान को कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी और अगर रिमांड मिल जाती है तो इमरान को सिंध या बलूचिस्तान में किसी सीक्रेट लोकेशन पर रखा जा सकता है.
इसे भी पढ़ें – तीन">https://lagatar.in/complete-the-tax-collection-work-in-three-days-corporation-deputy-administrator/">तीन

दिन में पूरा करें टैक्स कलेक्शन का काम : निगम उप प्रशासक
[wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही