Lagatar News: साल 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े कथित बड़ी साजिश मामले में आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है. हालांकि, अदालत ने फिलहाल उमर खालिद की अंतरिम जमानत की मांग पर विचार करने से इनकार कर दिया. इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने दोनों की ज़मानत याचिकाएं ख़ारिज कर दी थीं.
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अंतरिम राहत पर फैसला लेने से पहले दिल्ली पुलिस का पक्ष सुना जाएगा.जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि जमानत के सवाल पर अलग-अलग फैसलों के बीच कानूनी स्थिति स्पष्ट करने की जरूरत है. इसके लिए मामले को तीन जजों की पीठ के समक्ष रखने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी.
लाइव लॉ के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट में चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने मामले की सुनवाई की.
उमर ख़ालिद की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अंतरिम ज़मानत की मांग करते हुए दलील दी कि उनके मुवक्किल छह साल से अधिक समय से हिरासत में हैं. वहीं, शरजील इमाम की ओर से वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ दवे ने भी इसी तरह की मांग रखी. हालांकि, पीठ ने कहा कि अंतरिम राहत पर विचार करने से पहले वह प्रतिवादी यानी दिल्ली पुलिस का पक्ष सुनना चाहती है. जस्टिस बागची ने कहा, "आपने अंतरिम राहत की मांग की है. पहले इस पर जवाब आने दीजिए." इस पर सीजेआई ने स्पष्ट किया कि फ़िलहाल अंतरिम राहत नहीं दी जाएगी.