- वेस्टइंडीज को हराकर टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया
Lagatar Desk : टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है. सुपर-8 के अपने आखिरी मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया. संजू सैमसन की शानदार पारी की बदौलत भारत सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चार टीम में शामिल हो गई.
196 रन का लक्ष्य किया हासिल
कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले गए मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए. भारत को जीत के लिए 196 रन का बड़ा लक्ष्य मिला.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही. लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे. अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ज्यादा देर टिक नहीं सके. ऐसे में संजू सैमसन ने आखिरी तक मोर्चा संभाले रखा.
संजू सैमसन की ऐतिहासिक पारी
संजू सैमसन ने 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन बनाए. अपनी शानदार पारी में उन्होंने 12 चौके और 4 छक्के जड़े. यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में रन चेज के दौरान किसी भारतीय बल्लेबाज की सबसे बड़ी पारी बन गई.
आखिरी ओवर में दिलाई जीत
भारत को अंतिम ओवर में 9 रन चाहिए थे. संजू ने छक्का और चौका लगाकर मैच खत्म कर दिया. उनकी शानदार पारी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. टीम की ओर से तिलक वर्मा ने 27 रन, कप्तान सूर्याकुमार यादव ने 18 रन और हार्दिक पांडया ने 17 रन का योगदान दिया.
वेस्टइंडीज की पारी
वेस्टइंडीज की ओर से रोस्टन चेज ने 40 रन बनाए. रोवमन पॉवेल (नाबाद 34) और जेसन होल्डर (नाबाद 37) ने भी अहम योगदान दिया. लेकिन उनका स्कोर जीत के लिए पर्याप्त नहीं रहा.
इंग्लैंड से भिड़ेगी टीम इंडिया
भारत ने पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में 195 से ज्यादा का लक्ष्य हासिल किया है. इससे पहले टीम का सबसे सफल चेज 173 रन का था. अब 5 मार्च को सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा. वहीं न्यूजीलैंड की टीम साउथ अफ्रीका से टकराएगी.
खेल से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
Leave a Comment