Ranchi News: कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के समर्थन में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा, रांची जिला ने प्रेस वार्ता आयोजित की. महासभा ने अंबा प्रसाद के सरकारी आवास को खाली कराने और उनके परिवार के खिलाफ हुई कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.
प्रेस वार्ता में रांची जिला अध्यक्ष डॉ. रोशन कुमार साहू ने कहा कि अंबा प्रसाद झारखंड की एक सशक्त महिला नेत्री हैं. उनके पिता और माता दोनों पूर्व विधायक एवं मंत्री रह चुके हैं. इसके बावजूद दिवाली की पूर्व संध्या पर जिस तरह अधिकारियों ने उनका सरकारी आवास खाली कराया, वह कई सवाल खड़े करता है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब कई पूर्व विधायक और सांसद अब भी सरकारी आवासों में रह रहे हैं, तो अंबा प्रसाद के मामले में इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई गई?
डॉ. रोशन कुमार साहू ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक साजिश का हिस्सा प्रतीत होती है. अंबा प्रसाद लगातार विस्थापन, भूमि अधिग्रहण और आम जनता के मुद्दों को लेकर आवाज उठाती रही हैं. ऐसे में उनकी आवाज दबाने और उन्हें राजनीतिक रूप से कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले उनके पुश्तैनी घर पर भी बुलडोजर चलाया गया था और उनकी मां को हिरासत में रखा गया था. एक महिला नेत्री और उनके परिवार के साथ इस तरह की कार्रवाई गंभीर चिंता का विषय है.
उन्होंने राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. साथ ही कहा कि यदि किसी अधिकारी ने दुर्भावना या राजनीतिक दबाव में आकर कार्रवाई की है, तो ऐसे अधिकारियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए.
महासभा के प्रदेश महामंत्री मदन कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाना हर जनप्रतिनिधि का अधिकार है. किसी भी राजनीतिक या सामाजिक आवाज को प्रशासनिक कार्रवाई के जरिए दबाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए.
वहीं युवा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप साहू ने कहा कि झारखंड का समस्त तेली समाज अंबा प्रसाद के साथ खड़ा है. जरूरत पड़ने पर समाज सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा. उन्होंने कहा कि महासभा इस मामले में चरणबद्ध आंदोलन के लिए भी तैयार है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.