- झारखंड में शूट हुई ‘तमस सीजन 2’
- पौराणिक रहस्यों से लेकर साइंस फिक्शन तक का रोमांच
- 29 अगस्त से शुरू होगा ‘तमस सीजन 2’
- पांच एपिसोड में दिखेगी रहस्यमयी कहानी
Ranchi News : लोकप्रिय वेब सीरीज ‘तमस’ का दूसरा सीजन दर्शकों को पौराणिक रहस्यों, अलौकिक शक्तियों और साइंस फिक्शन की रोमांचक दुनिया में ले जाने के लिए तैयार है. पांच एपिसोड की यह हिंदी वेब सीरीज आर्यन पाठक प्रोडक्शन के यूट्यूब चैनल पर रिलीज होगी. सीरीज का पहला एपिसोड 29 अगस्त को जारी किया जाएगा.
‘तमस सीजन 2’ की कहानी में मिथक, फैंटेसी और साइंस फिक्शन का अनोखा मेल देखने को मिलेगा. यह सीजन पहले भाग की कहानी को आगे बढ़ाएगा और नए रहस्यों, रोमांच और कल्पनाओं के साथ दर्शकों को जोड़ने की कोशिश करेगा.
पांच एपिसोड में आगे बढ़ेगी कहानी
सीरीज के पांचों एपिसोड अलग-अलग तारीखों पर रिलीज किए जाएंगे. पहला एपिसोड 29 अगस्त, दूसरा 5 सितंबर, तीसरा 12 सितंबर, चौथा 23 सितंबर और पांचवां व अंतिम एपिसोड 3 अक्टूबर को रिलीज होगा. सभी एपिसोड यूट्यूब पर उपलब्ध होंगे.
आर्यन पाठक ने संभाली लेखन और निर्देशन की जिम्मेदारी
‘तमस सीजन 2’ का लेखन और निर्देशन आर्यन पाठक ने किया है. जबकि इसके निर्माता सुबोध पाठक हैं. मिंटू मुखर्जी ने डीओपी की जिम्मेदारी संभाली है. सीरीज के संगीत संयोजन का काम भी आर्यन पाठक ने किया है. (झारखंड से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...)
झारखंड के कलाकारों को मिला मौका
वेब सीरीज में आर्यन पाठक, सुबोध पाठक, कुंदन पाठक, जेसिका, रेखा पाठक और राजा कोहली प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे. सीरीज की शूटिंग झारखंड के अलग-अलग इलाकों में की गई है. रांची, गेतलसूद और ओरमांझी के आसपास के ग्रामीण इलाकों को प्रमुख शूटिंग लोकेशन के तौर पर इस्तेमाल किया गया है.
भारतीय कथाओं को आधुनिक अंदाज में पेश करने की कोशिश
‘तमस सीजन 2’ एक स्वतंत्र वेब सीरीज है. इसके जरिए भारतीय पौराणिक कथाओं और विज्ञान आधारित कल्पनाओं को आधुनिक डिजिटल माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है. सीरीज में झारखंड की स्थानीय प्रतिभाओं और प्राकृतिक खूबसूरती को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें