Search

पाकुड़ : महेशपुर में शिक्षकों को नहीं मिल रहा सैनिटाइजर- मास्क, हिरणपुर में शिक्षकों की लापरवाही आयी सामने

Pakur :  जिले में कोविड-19 वैक्सीनेशन को लेकर शिक्षकों को जिम्मेदारी दी गयी है कि वे आम लोगों को जागरूक करें. ऐसे में सभी शिक्षक लगातार क्षेत्र में यह काम कर रहे है. हालांकि कुछ प्रखंडों में शिक्षकों को ही रही परेशानी तो कुछ प्रखंडो में उनके लापरवाही की भी बात सामने आयी है. पहला मामला झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ महेशपुर इकाई का है. जहां प्रशासन अभी तक सैनिटाइजर, मास्क उपलब्ध नहीं करवाया गया है. वहीं दूसरा मामला हिरणपुर प्रखंड का है, जहां पर कई शिक्षक व राशन डीलरों की लापरवाही सामने आयी है. इन्होंने खुद ही कोरोनारोधी टीका नहीं लगाया है.

शिक्षकों को किया गया फ्रंटलाइन वर्कर घोषित, पर अभी तक सैनिटाइजर, मास्क नहीं मिला

बीते शनिवार को झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ महेशपुर इकाई के प्रखंड अध्यक्ष शिबू टूडू व सचिव अंसारुल हक के नेतृत्व में दर्जनों पारा शिक्षक महेशपुर प्रखंड कार्यालय पहुंचे. शिक्षकों ने बीडीओ उमेश मंडल एवं सीओ रितेश जायसवाल से मिलकर उन्हें संबंधित समस्या से अवगत कराया. बताया कि फ्रंटलाइन वर्कर घोषित करने के बावजूद संबंधित शिक्षकों को अभी तक सैनिटाइजर, मास्क उपलब्ध नहीं करवाया गया है. वैक्सीनेशन के प्रति लोगों को जागरूक भी करना है. इसको लेकर संबंधित प्रशासन ग्राम स्तरीय स्वास्थ्य सर्वेक्षण दल का गठन किया था. परंतु उक्त दल में शिक्षकों को छोड़कर कोई भी कर्मी लोगों को जागरूक करने नहीं पहुंचता है. ऑक्सीमीटर से ऑक्सीजन लेवल भी जांच करना है एवं थर्मल स्क्रीनिग भी करनी है परंतु यह दोनों उपकरण भी अभी तक उपलब्ध नहीं कराया गया है. इससे कार्य करने में परेशानी होती है.

टीका नहीं लेने पर मई माह के वेतन पर रोकने का निर्देश

हिरणपुर प्रखंड में टीकाकरण का गति बढ़ाने के लिए प्रशासन ने शिक्षकों व राशन डीलर को टीकाकरण को लेकर जागरूकता अभियान में लगाया है. लेकिन हिरणपुर प्रखंड के कई शिक्षक व राशन डीलरों ने खुद कोरोनारोधी टीका नहीं लगाया है. ऐसे में सवाल उठता है कि ऐसे शिक्षकों से लोगों को जागरूक करने की कितनी उम्मीद की जा सकती है. इसको लेकर विभागीय रूप से कार्रवाई की जा रही है. आंकडों को देखें, तो अभी तक 163 सरकारी शिक्षकों में से 143 ने वैक्सीन ली है. 171 पारा शिक्षकों में से 132 ने वैक्सीन ले लिया है. इस तरह 20 सरकारी शिक्षक व 39 पारा शिक्षकों ने अबतक कोरोनारोधी टीका नहीं लिया है. इसके अलावा प्रखंड संसाधन केंद्र में कार्यरत 21 में से 18 कर्मियों ने टीका लगाया लिया है. टीका नहीं लगाने वाले शिक्षक व बीआरसी कर्मियों को पूर्व से ही सख्त हिदायत दी गई है कि जल्द से जल्द टीका लगा ले, अन्यथा मई माह के वेतन पर रोक लगा दी जाएगी.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//