Search

 
 
 

तेजस्वी का सम्राट चौधरी पर तंज, सड़कछाप डायलॉगबाजी व रीलबाजी छोड़ महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान दें

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सीएम सम्राट चौधरी पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री को “बड़बोला मुख्यमंत्री” और “अपराधियों का सम्राट” बताया है.
 

Lagatar Desk :   बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सीएम सम्राट चौधरी पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री को “बड़बोला मुख्यमंत्री” और “अपराधियों का सम्राट” बताया है.

 

तेजस्वी ने सम्राट चौधरी को टपोरियों की तरह सड़क छाप डायलॉगबाजी और रीलबाजी  छोड़, मातृशक्ति की सुरक्षा के लिए ठोक कदम उठाने की सलाह दी है.

 

 

 

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि पिछले एक महीने में बिहार से 8,681 बच्चे लापता हुए हैं, जिनमें 85 प्रतिशत लड़कियां हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल पूछा कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर बच्चों के गायब होने की घटनाओं पर सरकार जवाब क्यों नहीं दे रही है. उन्होंने कहा कि चंद दिनों में राज्य में 75 से अधिक दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं सामने आई हैं.

 

 

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि स्वर्णकारों के साथ दिनदहाड़े लूट की घटनाएं हो रही है. राज्य में हर दिन हत्या, लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है.  उन्होंने तंज कसते हुए कहा है कि पाताल से अपराधियों को ढ़ूंढ़ने का दावा कर डायलॉग बांचने वाले कृत्रिम तरीके से Nominated  मुख्यमंत्री बने “अपराधियों के सम्राट” की सरकार में पुलिस और कानून का डर पूरी तरह से खत्म हो चुका ह. ।

 

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि  “AI तकनीकयुक्त कैमरों” की बात करने वाली सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह विफल रही है.  उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को बिहार और बिहारवासियों की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है. 

 

उन्होंने हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पहले एक नीट छात्रा की हत्या और अब पॉलिटेक्निक परीक्षा देने पटना आई नाबालिग छात्रा के साथ होटल में छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास जैसी घटनाएं यह साबित करती हैं कि राज्य में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा गंभीर संकट में है. 

 

उन्होंने कहा कि बिहार के विभिन्न जिलों से छात्राएं राजधानी पटना में पढ़ाई करने आती हैं, लेकिन मौजूदा सरकार में उनकी सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है. तेजस्वी यादव ने NAARI 2025 रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पटना महिलाओं के लिए देश के सबसे असुरक्षित शहरों में शामिल हो चुका है. 

 

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री से “टपोरियों की तरह सड़कछाप डायलॉगबाजी” छोड़ और रीलबाजी से फुर्सत निकालकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देगी. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही