Search

तेजस्वी का बड़ा ऐलान, सरकार बनी तो माई-बहन को हर माह देंगे 2500, NDA नेताओं ने ली चुटकी

Patna :   बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. इसको लेकर राजनीतिक पार्टियां अभी से चुनाव की तैयारियों में जुट गयी है. प्रमुख दलों के नेता जनता को रिझानें के लिए कई चुनावी वादें कर रहे हैं. इस बीच आरजेडी नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बिहार की माताओं और बहनों के लिए बड़ा ऐलान किया है. तेजस्वी ने कहा है कि अगर हमारी सरकार आयी तो माई-बहन मान योजना की शुरुआत करेंगे. इसके तहत बिहार की हर महिलाओं और बहनों के खाते में हर माह 2500 रुपये भेजे जायेंगे. बता कि तेजस्वी ने  कुछ दिन पहले 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने का भी वादा किया था. उन्होंने कहा था कि यदि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी तो सभी को 200 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे.

इतनी चिंता थी तो अपने 15 साल के शासनकाल में यह घोषणा क्यों नहीं की : विजय

तेजस्वी यादव के ऐलान के बाद सत्ता पक्ष के नेताओं ने तंज कसा है. डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव बिहार की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं. महिलाओं की इतनी चिंता थी तो अपने 15 साल के शासनकाल में यह घोषणा क्यों नहीं की?

बिहार की जनता लालू के कारनामे से है मुखातिब :  सम्राट चौधरी

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता ने लालू यादव के 15 साल को देखा है. किस तरह उन्होंने जनता को लूटने का काम किया है. लालू ने 950 करोड़ का चारा घोटाला किया. गरीब को नौकरी के बदले जमीन लिखवाने का काम किया. सारी चीजों से जनता मुखातिब है. किसी भी हाल में बिहार की जनता लालू के परिवार को सत्ता में नहीं आने देगी.

लालू ने 15 सालों में बिहार को नरक में पहुंचाया : ललन सिंह 

वही केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि तेजस्वी जी के माता-पिता ने 15 साल बिहार में राज किया. तब कौन सा योजना लाये थे. यह भी तो बताये. कहा कि उनके माता-पिता ने बिहार को कहां पहुंचा दिया था, यह हर कोई जानता है. बिहार में ना तो सड़कें थी, ना बिजली और ना ही कानून-व्यवस्था. लालू-राबड़ी ने अपने 15 साल के कार्याकाल में बिहार को नरक में पहुंचाने का काम किया है.

एनडीए सरकार सभी के लिए सोचती, तेजस्वी को सोचने की जरूरत नहीं  :  मंत्री संतोष सुमन 

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व  मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि लगता है तेजस्वी यादव यह घोषणा 2040 के लिए की है. उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार है. यह कल्याणकारी सरकार है. यह सरकार सभी के लिए सोचती है. तेजस्वी जी को सोचने की जरूरत नहीं है. उनको घूमने की जरूरत है.      

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp