Search

 
 
 

चांडिल में दंतैल हाथी का आतंक, मजदूर का घर तोड़ा, चटक गये 50 किलो अनाज

चांडिल वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक बदस्तूर जारी है. कुकडू प्रखंड के पलाशडीह में तीन मकानों को ध्वस्त करने के बाद सोमवार देर रात एक दंतैल हाथी ने गांगुडीह पुनर्वास कॉलोनी में खूब आतंक मचाया है. हाथी ने एक मजदूर के घर को धवस्त कर दिया और भीतर रखे अनाज भी चटक गये.
 

Dilip Kumar

Chandil :  चांडिल वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक बदस्तूर जारी है. कुकडू प्रखंड के पलाशडीह में तीन मकानों को ध्वस्त करने के बाद सोमवार देर रात एक दंतैल हाथी ने गांगुडीह पुनर्वास कॉलोनी में खूब आतंक मचाया है. हाथी ने एक मजदूर के घर को धवस्त कर दिया और भीतर रखे अनाज भी चटक गये.  

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे हाथी कॉलोनी में घुसा और कॉलोनी में रहने वाले बाजुन माझी के घर पर धावा बोल दिया. हाथी घर का एक हिस्सा तोड़कर अंदर घुसा और वहां रखे करीब 50 किलो चावल को खा गया. जंगली हाथी के कॉलोनी में घुसकर मकान और फसल को नुकसान पहुंचाने पर लोग विभाग के प्रति खासे नाराज हैं.

 

बताया जाता है कि बाजुन माझी ने उसी दिन राशन दुकान से खाद्य सामग्री उठाई थी, जिसे हाथी ने अपना निवाला बना लिया. 


दिन में उठाया था खाद्य आपूर्ति विभाग से राशन

 

इस संबंध में गांगुडीह पुनर्वास कॉलोनी निवासी विस्थापित नेता श्यामल मार्डी ने बताया कि बाजुन माझी मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता है. उसने सोमवार को ही खाद्य आपूर्ति विभाग की दुकान से अपना राशन उठाया था, जिसे रात को जंगली हाथी ने अपना निवाला बना लिया.

हाथी ने उसके मकान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है. अब उसके पास न तो राशन बचा है और न ही सही-सलामत मकान, जिससे उसके परिवार पर संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत और मुआवजे की मांग की है. वहीं स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जंगली हाथियों से ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

 

झुंड से मिल गया दंतैल हाथी

 

इस घटना के संबंध में चांडिल वन क्षेत्र पदाधिकारी शशि रंजन ने जानकारी दी कि हमला करने वाला दंतैल हाथी घटना के बाद अपने झुंड से मिल गया है. अब झुंड में कुल 17 हाथी हैं, जो मंगलवार सुबह नीमडीह प्रखंड के अंडा क्षेत्र में देखे गए. वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और हाथी भगाओ दस्ता भी सक्रिय है. जंगली हाथियों को वापस जंगल क्षेत्र में पहुंचाने के लिए वन कर्मी प्रयास कर रहे हैं.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही