Ranchi: टेट सफल सहायक अध्यापक संघ ने सहायक आचार्य पारा शिक्षक कोटि की भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया है. संघ के संयोजक सीमांत घोषाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद भर्ती प्रक्रिया न्यायालय की भावना के अनुरूप नहीं चल रही है.
संघ ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने राज्य स्तरीय मेधा सूची शैक्षणिक अंक, शिक्षक प्रशिक्षण और JTET के अंकों के आधार पर तैयार करने का निर्देश दिया था, लेकिन सरकार ने भर्ती प्रक्रिया झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को लिखित परीक्षा के माध्यम से कराने के लिए भेज दी. इससे नियुक्ति प्रक्रिया अनावश्यक रूप से लंबी और जटिल हो गई है.
संघ ने आरोप लगाया कि JSSC के विज्ञापन में इंटरमीडिएट प्रशिक्षित और स्नातक प्रशिक्षित (सामाजिक विज्ञान) शिक्षक पदों पर OBC वर्ग के लिए एक भी सीट निर्धारित नहीं की गई है, जो आरक्षण व्यवस्था के विपरीत है. इसे संशोधित करने की मांग की गई है.
संघ के कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने वर्तमान रिक्त पदों के आधार पर भर्ती का निर्देश दिया था, जबकि सरकार 15 सितंबर 2022 को सृजित पदों के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया चला रही है. 20 हजार से अधिक पद अब भी रिक्त हैं और इनमें आरक्षण व बैकलॉग मिलाकर 11,198 से अधिक पदों पर भर्ती होनी चाहिए थी, जबकि वर्तमान विज्ञापन में केवल 7,304 पद शामिल हैं.
संघ ने आपत्ति जताई कि JTET पारा शिक्षक श्रेणी की अलग मेधा सूची बनाने का प्रावधान नियमों के अनुरूप नहीं है. संगठन ने राज्य सरकार से सुप्रीम कोर्ट के आदेश की भावना के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया में संशोधन कर सभी विसंगतियां दूर करने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment