Search

 
 
 

कल JTET की अग्निपरीक्षा, 5.65 लाख अभ्यर्थी आजमाएंगे अपनी किस्मत

Ranchi News: हाल की भर्ती परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों को देखते हुए मुख्य सचिव अविनाश कुमार के स्तर से त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है. सभी जिलों के उपायुक्तों से 13 बिंदुओं पर अंतिम रिपोर्ट मांगी गई है. इसमें परीक्षा केंद्रों की तैयारी से लेकर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तक की जानकारी शामिल है. प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के साथ स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कैमरे, साइबर सेल, ट्रैफिक व्यवस्था, फायर ब्रिगेड और सदर अस्पतालों की आपातकालीन व्यवस्था की भी समीक्षा की है.
 
सिंबोलिक फोटो

Ranchi News: करीब 10 साल के लंबे इंतजार के बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 का आयोजन एक नवंबर (रविवार) को होगा. परीक्षा में राज्यभर के 5,65,916 अभ्यर्थी शामिल होंगे. इसके लिए 24 जिलों में कुल 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं.

 

हाल की भर्ती परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों को देखते हुए मुख्य सचिव अविनाश कुमार के स्तर से त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है. सभी जिलों के उपायुक्तों से 13 बिंदुओं पर अंतिम रिपोर्ट मांगी गई है. इसमें परीक्षा केंद्रों की तैयारी से लेकर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तक की जानकारी शामिल है.

 

प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के साथ स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कैमरे, साइबर सेल, ट्रैफिक व्यवस्था, फायर ब्रिगेड और सदर अस्पतालों की आपातकालीन व्यवस्था की भी समीक्षा की है. संवेदनशील क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू की जा रही है. साइबर सेल को सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है. पेपर लीक या फर्जी प्रश्नपत्र के नाम पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए होटलों की भी जांच की जा रही है.

 

दो पालियों में होगी परीक्षा, जानें प्रवेश का समय

 

* पहली पाली: कक्षा छह से आठ के अभ्यर्थियों के लिए.

* परीक्षा का समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक.

* केंद्र में प्रवेश सुबह 7:30 बजे से शुरू होगा.

* प्रवेश की अंतिम समय-सीमा सुबह 9 बजे है.

* दूसरी पाली: कक्षा एक से पांच के अभ्यर्थियों के लिए.

* परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक.

* केंद्र में प्रवेश दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक मिलेगा.

 

निर्धारित समय के बाद मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा. इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा. अभ्यर्थियों को ट्रैफिक जाम और प्रवेश के दौरान होने वाली जांच को ध्यान में रखकर घर से निकलने की सलाह दी गई है.

 

ओएमआर शीट भरने में बरतें सावधानी

परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जाएगी. अभ्यर्थियों को भाषा, विषय और श्रेणी से संबंधित विवरण भरते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी. इन जानकारियों में गलती होने पर सुधार का मौका नहीं मिलेगा. ओएमआर शीट में अनुचित गतिविधि या छेड़छाड़ पाए जाने पर उम्मीदवारी तत्काल रद्द कर दी जाएगी.

 

मोबाइल, स्मार्टवॉच और बैग ले जाना प्रतिबंधित

परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की अनुमति नहीं होगी. इसके अलावा बैग, पाउच, पर्स, किताबें और नोट्स भी प्रतिबंधित रहेंगे. केंद्रों पर सामान रखने की आधिकारिक व्यवस्था नहीं होगी.

 

अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्नलिखित चीजें रखनी होंगी:

* एडमिट कार्ड का स्पष्ट प्रिंटआउट.

* आधार कार्ड, पैन कार्ड या वोटर आईडी जैसे मूल फोटो पहचान पत्र.

* ओएमआर शीट भरने के लिए पारदर्शी बॉडी वाला बॉलपॉइंट पेन.

अभ्यर्थी एडमिट कार्ड पर दर्ज परीक्षा केंद्र का पता, पाली और रिपोर्टिंग समय पहले ही जांच लें.

 

दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिलेगा अतिरिक्त समय

दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी और दोनों हाथों से दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार 30 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित शर्तों के तहत श्रुतिलेखक की सुविधा भी मिलेगी.

 

समस्या होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क

परीक्षा से संबंधित जानकारी और समस्याओं के समाधान के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने कंट्रोल रूम बनाया है. यह 31 अक्टूबर और एक नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक सक्रिय रहेगा.

जैक कंट्रोल रूम हेल्पलाइन

7485093436

7485093437

7485093440

समय: सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक | 31 अक्टूबर और 1 नवंबर

प्रशासन ने सभी जिलों को परीक्षा से जुड़ी तैयारियां पूरी रखने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

 



Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही