Ranchi: धरती आबा बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती सह राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर झारखंड प्रदेश भाजपा की ओर से शुक्रवार को उलिहातू स्थित बिरसा ओड़ा (बिरसा का घर) से निकली पदयात्रा आज रांची पहुंचेगी. शनिवार को भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की टोली खूंटी से रांची के लिए चली. यह यात्रा कालामाटी तक पहुंच गयी है.
पद यात्रा में शामिल नेता, कार्यकर्ता शनिवार को रांची में रात्रि विश्राम के बाद 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर कोकर स्थित उनकी समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. इससे पहले पद यात्रा में शामिल नेताओं, कार्यकर्ता ने शुक्रवार को खूंटी में रात्रि विश्राम किया. पद यात्रा में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत, टोप्पो, गंगोत्री कुजूर, आरती कुजुर, अशोक बड़ाइक समेत कई नेता शामिल हैं.
खूंटी में यात्रा का नेतृत्व करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा है, “धरती आबा धरती आबा बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती के पावन अवसर पर आज उनकी जन्मभूमि खूंटी से राजधानी रांची तक आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय गौरव पदयात्रा में शामिल हुआ. भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान, साहस और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण की अमर गाथा है. उनका बलिदान केवल जनजातीय समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है. उनके आदर्शों, संघर्षों और सपनों को आत्मसात करते हुए विकसित, समृद्ध और गौरवशाली भारत के निर्माण का संकल्प लें.”
महामंत्री गणेश मिश्रा ने कहा है कि में भाजपा की सरकार आने के बाद जनजातीय समाज के महापुरुषों और शहीदों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने की पहल हुई. भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भाजपा देशभर में कार्यक्रम आयोजित कर जनजातीय वीरों के संघर्ष और बलिदान को याद कर रही है.
पदयात्रा का उद्देश्य उलगुलान के महानायक बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान, विचारों और जनजातीय समाज के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है. इसके साथ ही केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जा रही है. राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा इस बार 11 से 18 नवंबर तक देश के आदिवासी बहुल संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है.