Vinit Abha Upadhyay Ranchi : अफसरों को कुर्सी प्यारी होती है. खास कर कमाई वाली कुर्सी और मलाईदार पोस्टिंग हो तो अफसर कुर्सी से ऐसे चिपक जाते हैं कि ट्रांसफर होने के बावजूद कुर्सी छोड़ना नहीं चाहते हैं. राजधानी रांची के ओरमांझी में अंचलाधिकारी की पोस्टिंग थी. सीओ साहब का नाम नीतीन गुप्ता बताया जाता है. आचार संहिता लागू होने से पहले मार्च में साहेब का ट्रांसफर दूसरी जगह हो गया था. उनकी जगह दुमका से आये उज्जवल सोरेन को चार्ज लेना था. सोरेन तत्काल चार्ज लेने नहीं पहुंच पाये थे. चुनाव और आचार संहिता समाप्त होने के बाद नये वाले सीओ साहब तपती धूप में करीब 250 किलोमीटर दूर से चार्ज लेने पहुंचे. लेकिन नीतीन बाबू ने इस भीषण गर्मी में सोरेन जी को चार्ज देने में पसीना छुड़वा दिये. आखिर उन्हें चार्ज नहीं ही दिया. ओरमांझी के निर्वतमान सीओ साहेब कार्यालय से ऐसा गायब हुए कि कुछ पता ही नहीं चला. फोन भी स्विच ऑफ. बेचारे सोरेन जी चार्ज लेने के लिए दिनभर तपती गर्मी में हांफते रहे. देर शाम तक लुकाछुपी होने के बाद नये सीओ साहब ने स्वतः चार्ज ले लिये और उपायुक्त को इसकी सूचना दी.
चार्ज न देना पड़े, इसलिए कुर्सी प्रेमी सीओ साहेब ऑफिस से हो गये गायब
Last Updated: Jun 08, 2024 12:00 AM (IST)