Search

 
 
 

राजेंद्र सरोवर में गूंजी दिव्य शिव महाआरती, हर-हर महादेव के जयघोष से शिवमय हुआ धनबाद

सावन की पहली सोमवारी पर धनबाद पूरी तरह शिवभक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया. झारखंड इंडस्ट्रीज एंड ट्रेड एसोसिएशन (GITA) की ओर से बेकारबांध स्थित राजेंद्र सरोवर में लगातार पांचवें वर्ष भव्य शिव गंगा महाआरती का आयोजन किया गया
 

Dhanbad :  सावन की पहली सोमवारी पर धनबाद पूरी तरह शिवभक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया. झारखंड इंडस्ट्रीज एंड ट्रेड एसोसिएशन (GITA) की ओर से बेकारबांध स्थित राजेंद्र सरोवर में लगातार पांचवें वर्ष भव्य शिव गंगा महाआरती का आयोजन किया गया.तेज बारिश भी श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को डिगा नहीं सकी.

Uploaded Image

हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा. शाम पांच बजे से रात साढ़े नौ बजे तक चले इस भव्य आयोजन में वाराणसी के प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट की तर्ज पर बनारस से आये विद्वान आचार्यों ने वैदिक विधि-विधान के साथ दिव्य शिव गंगा महाआरती संपन्न कराई.

Uploaded Image

दीपों की मनमोहक आभा, वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद, डमरू और घंटियों की गूंज से राजेंद्र सरोवर का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया. मूसलाधार बारिश के बावजूद श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ महाआरती में शामिल रहे.

 

महाआरती के साथ भगवान शिव की आकर्षक झांकियां, पौराणिक प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा हनुमान जी और वानर सेना की जीवंत झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनीं. भक्तिमय भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा परिसर शिवमय वातावरण में डूब गया.  

 

कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, मेयर संजीव सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, GITA के अध्यक्ष अमितेश सहाय सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.

 

आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है बल्कि सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना भी है. सावन की पहली सोमवारी पर आयोजित यह भव्य शिव महाआरती श्रद्धालुओं के लिए आस्था, भक्ति और आध्यात्मिक अनुभूति का अविस्मरणीय संगम बन गयी.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

 

 

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही