Search

 
 
 

धनबाद में कोयले को लेकर वर्चस्व की लड़ाई,  अक्सर गोलियों की गूंज व बम के धमाकों से थरथराता है इलाका

 
Saurav Singh Ranchi : धनबाद और आस पास के इलाकों में कोयला व्यवसाय और अपराध का रिश्ता जगजाहिर है. कोयले का खेल खेलने वाले भले ही सफेदपोश हों, मगर उनके धंधे में सब कुछ काला ही काला है. इस खेल में गोली, बम व सिर फुटौव्वल आम बात है. धनबाद जिले का कई इलाका कोयले के वर्चस्व की लड़ाई को लेकर अक्सर गोलियों की गूंज और  बम के धमाकों से थरथराता है. पुलिस, सीआईएसएफ सहित पूरा प्रशासन इस खेल को रोकने का प्रयास करते तो जरूर हैं, लेकिन यह रूकता नहीं है.

कभी गोली चली तो कभी हुई भिड़ंत :

  • - 8 मार्च 2024 :  धनबाद के जोगता थाना क्षेत्र स्थित बीसीसीएल एरिया 5 के सिजुआ मोदीडीह कोलयरी में संचालित तेतुलमुड़ी कोल डंप में वर्चस्व को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हुई थी. इस दौरान दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर जमकर फायरिंग और बमबाजी की थी. साथ ही पुलिस और मजिस्ट्रेट की गाड़ी पर भी पथराव किया था.
  • - 24 फरवरी 2024 : धनबाद जिले के गोपालीचुक कोयला खदान क्षेत्र में एक कोयला लदान-ढुलाई क्षेत्र में वर्चस्व स्थापित करने को लेकर दो गुटों के बीच झड़प हुई थी. इस दौरान एक व्यक्ति को गोली लग गयी थी. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था.
  • - 09 सितंबर 2023 : धनबाद जिले के जोगता थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार में वर्चस्व को लेकर दो पक्ष में खूनी संघर्ष की घटना हुई थी. एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक को गोली मार दी थी.
  • - 10 सितंबर 2023 : धनबाद के कतरास में कोयला तस्करी के वर्चस्व में अंधाधुंध फायरिंग हुई थी. इस दौरान गोली लगने से एक युवक की जान चली गयी थी. युवक की मौत के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गये थे और करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर दी थी.
  • - 20 अगस्त 2023 : धनबाद के धर्माबांध ओपी क्षेत्र के तेतुलिया सात नंबर में अवैध कोयले के वर्चस्व को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई थी. इस दौरान फायरिंग भी की गयी थी.
  • - 14 अगस्त 2023 : धनबाद में अवैध कोयला खनन को लेकर जीतपुर अस्पताल कॉलोनी निवासी अमित कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी.
  • - 05 जुलाई 2023 : धनबाद में कोयला के वर्चस्व की जंग में चांदमारी कोल डंप में दो गुटों के बीच गोलियां चली थीं. जिसमें कई लोग घायल हुए थे.
  • - 8 जनवरी 2023 : धनबाद के झरिया के तिसरा इलाके में सिंह मेंशन समर्थक अविनाश सिंह उर्फ सोनू को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था.
[wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही