Search

 
 
 

JSSC-CGL मामले में झारखंड हाइकोर्ट के आदेश के खिलाफ अपील दायर करेगी सरकार !

Ranchi News : बीते दिनों हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति दीपक रोशन की एकल पीठ ने राज्य सरकार द्वारा झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (JGGLCCE-2023 / JSSC CGL) भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने के फैसले को खारिज कर दिया था.
 
फाइल फोटो.
  • सरकार स्तर पर अपील दायर करने की हो रही तैयारी
  • परीक्षा रद्द करने के सरकारी आदेश को हाईकोर्ट ने किया था निरस्त
  • करीब 2000 नवनियुक्त कर्मियों को मिली थी राहत

Ranchi News : JSSC -CGL 2023 परीक्षा रद्द करने के सरकारी आदेश को हाईकोर्ट की एकल पीठ द्वारा निरस्त किए जाने के खिलाफ झारखंड सरकार अपील (LPA ) दायर करने की तैयारी में है. सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार की ओर से जल्द ही एकल पीठ के आदेश के खिलाफ अपील दायर की जा सकती है.


ज्ञात हो कि बीते दिनों हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति दीपक रोशन की एकल पीठ ने राज्य सरकार द्वारा झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (JGGLCCE-2023 / JSSC CGL) भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने के फैसले को खारिज कर दिया था. अदालत ने 18 अगस्त 2026 को जारी उस अधिसूचना (संख्या 06/LO.S.A.-01-07/5408) को रद्द कर दिया था, जिसके तहत राज्य सरकार ने विरोध प्रदर्शनों के बाद CGL समेत कुल 22 परीक्षाओं को रद्द करने का आदेश जारी किया था.


एकल पीठ के फैसले से विज्ञापन संख्या 10/2023 के तहत सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, कनिष्ठ सचिवालय सहायक, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक सहित विभिन्न पदों पर नियुक्त होकर अपनी सेवाएं दे रहे करीब 2000 सफल अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली थी.


क्या है पूरा मामला

जेएसएससी द्वारा आयोजित CGL 2023 परीक्षा के बाद धांधली के आरोपों को लेकर पूर्व में हाईकोर्ट की खंडपीठ में याचिका दायर की गई थी. उस समय खंडपीठ (प्रकाश कुमार बनाम झारखंड राज्य) ने 3 दिसंबर 2025 को अपने निर्णय में परिणाम जारी करने और सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने का निर्देश दिया था. साथ ही  मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) से कराने और नियुक्तियों को आपराधिक जांच व अदालती कार्यवाही के अंतिम परिणाम के अधीन रखने का आदेश दिया था.


इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी 5 जनवरी 2026 को खंडपीठ के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था. दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के दौरान अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिले और उन्होंने पदभार ग्रहण कर लिया. हालांकि, जुलाई 2026 में हुए छात्र आंदोलनों के बाद राज्य कैबिनेट ने 18 अगस्त 2026 को एक साथ 22 परीक्षाओं के साथ CGL 2023 भर्ती को भी रद्द करने की घोषणा कर दी, जिसे अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी.


हाईकोर्ट की क्या थीं मुख्य टिप्पणियां


 संवैधानिक अदालतों के आदेश का उल्लंघनः अदालत ने माना था कि जब हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच और सुप्रीम कोर्ट पहले ही मामले का निपटारा कर चुके थे और नियुक्तियों को अंतिम कानूनी नतीजे के अधीन रखा था, तब राज्य सरकार का प्रशासनिक आदेश के जरिए पूरी भर्ती को रद्द करना न्यायिक आदेशों का उल्लंघन और अतिक्रमण है.


ठोस साक्ष्यों का अभाव: कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि CGL परीक्षा में कोई व्यापक या संस्थागत स्तर की धांधली पूरी तरह साबित नहीं हुई है. अधूरी जांच और जन-दबाव या विरोध प्रदर्शनों के आधार पर एकमुश्त रद्द करने का निर्णय तर्कसंगत नहीं है.


दोषी और निर्दोष अभ्यर्थियों का पृथक्करण (Segregation): अदालत ने कहा था कि पूरी परीक्षा रद्द करने के बजाय केवल उन अभ्यर्थियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए जिनकी भूमिका जांच में संदिग्ध पाई जाए. निर्दोष अभ्यर्थियों को दूसरों की गलती की सजा नहीं दी जा सकती.


सेवा में बने रहेंगे अभ्यर्थी

हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद CGL 2023 के माध्यम से बहाल हुए सभी पदाधिकारी व कर्मचारी अपने-अपने पदों पर बने रहने का आदेश दिया था. अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि अभ्यर्थियों की सेवा जारी रहेगी, लेकिन यह पूर्व की भांति जारी आपराधिक मामलों की जांच और उसके अंतिम नतीजों के अधीन रहेगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही