Search

होटल में फायरिंग मामलाः दिसंबर में FIR, रांची पुलिस का एक्शन- मोबाईल की जब्ती, अब हो गई हत्या

अपराध का स्कैच AI द्वारा तैयार किया हुआ.

Ranchi:  राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना इलाके में कल अपराधियों ने रेस्टोरेंट में घुसकर गोलियों की बौछार कर दी. गोली लगने से होटल संचालक राजकुमार गोप के चचेरे भाई मनीष कुमार गोप की मौत हो गई. इस मामले में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है. दरअसल, होटल संचालक को दिसंबर माह में फोन पर धमकी मिली थी. खुद को प्रिंस बताने वाले अपराधी ने एक करोड़ रुपये रंगदारी की मांग की थी. रंगदारी नहीं देने पर कार्रवाई की धमकी दी थी.

 

रंगदारी मांगने और धमकी देने के इस मामले में पुलिस ने अब तक जांच के नाम पर कुछ खास नहीं किया. पुलिस ने सिर्फ इतना किया कि जिन्हें आरोपी बनाया गया था, उनके मोबाइल जब्त करके जांच के लिए भेज दिया. ताकि विस्तृत जांच हो सके. और दो माह बाद अपराधियों ने फायरिंग करके घटना को अंजाम दे दिया. इससे एयरपोर्ट थाना की पुलिस पर सवाल उठने लगे हैं.

 

Uploaded Image

धमकी मिलने के बाद होटल संचालक ने रांची को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी. इसके बाद एयरपोर्ट थाना की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी.

 

राजधानी रांची में हाल में यह दूसरी घटना है, जिसमें पुलिस के पास पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज करायी, पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की और बाद में घटना हो गई. इस घटना से पहले लोअर बाजार थाना क्षेत्र निवासी ने धमकी की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई नहीं की और दो दिन बाद आसिफ अंसारी का शव खेलगांव थाना क्षेत्र में मिला.

 

चार लोगों पर नामजद एफआईआर

होटल संचालक ने दिसंबर महीने में रंगदारी का कॉल आने के बाद चार लोगों पर नामजद एफआईआर दर्ज कराया था. एफआईआर में पिंटू महतो, देवराज साहू, राजू महतो और धर्मु महतो का नाम है. धर्मु महतो पिंटू महतो के पिता हैं. एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने चार लोगों से पूछताछ किया, लेकिन दो महीना बीत जाने के बावजूद एयरपोर्ट थाने की पुलिस किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई. जांच के नाम पर एयरपोर्ट थाने की पुलिस ने इन सभी लोगों का मोबाइल जप्त किया और जांच के लिए एफएसएल को भेज दिया. हालांकि खबर लिखे जाने तक एफएसएल की रिपोर्ट नहीं आई है.

 

पुष्कर महतो और पिंटू महतो के बीच चल रहा है जमीन विवाद

पुष्कर महतो और पिंटू महतो के बीच आपसी जमीन विवाद चल रहा है. इस जमीन विवाद में पिंटू महतो लगातार पुष्कर महतो की गतिविधि पर नजर बनाए हुए था. हर गतिविधि की सूचना आशीष महतो पिंटू महतो को दे रहा था. इस मामले की जानकारी मिलने के बाद पुष्कर और राजकुमार गोप ने पुलिस को जानकारी दी. उसके बावजूद इन लोगों पर कोई कार्यवाई नहीं हुई.

 

होटल संचालक ने पिंटू महतो पर साजिश का लगाया आरोप

होटल संचालक राजकुमार गोप और पुष्कर महतो मित्र हैं. इन लोगों का एक दूसरे के पास आना जाना लगा हुआ था. जिसके कारण पिंटू महतो नाराज रह रहा था. पिंटू महतो मूल रूप से प्लंबर का काम करता है. होटल संचालक ने बताया कि आशीष महतो हर गतिविधि की सूचना पिंटू महतो को दे रहा था. जमीन विवाद के कारण यह मामला प्रिंस खान तक पहुंचा था.  प्रिंस खान ने एक मैसेज भेज कर धमकी दिया कि मैं प्रिंस खान बोल रहा हूं और एक करोड़ की रंगदारी दे दो जल्दी. रंगदारी नहीं दोगे तो तुम्हें और तुम्हारे परिवार वालों की हत्या कर दी जाएगी. 

 

होटल संचालक ने रांची एसएसपी को दिया था आवेदन

प्रिंस खान के द्वारा जब होटल संचालक राजकुमार और उसके साथी को जान से मारने की धमकी मिली थी तब इस मामले की जानकारी रांची एसएसपी राकेश रंजन को दी गई थी. आवेदन में एसएसपी बताया गया था कि हमें और हमारे साथी से एक करोड़ की रंगदारी मांगी गई. रंगदारी नहीं देने के बाद जान से मारने की धमकी मिली है. इसके बाद होटल संचालक को सुरक्षा मुहैया कराया गया लेकिन 20 जनवरी को सुरक्षा वापस ले लिया गया. होटल संचालक ने बताया कि पुष्कर महतो का गतिविधि प्रिंस खान तक जा रहा था. 

 

हत्या के बाद घर में पसरा मातम, मृतक मनीष गोप का है तीन साल का बच्चा

अपराधियों ने जिस प्रकार से रेस्टोरेंट में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया है उससे परिवार वालों में दहशत का माहौल है. मनीष गोप की हत्या के बाद उसके परिवार का भरण पोषण करने वाला कोई नहीं है. मनीष गोप की हत्या के बाद परिवार वालों में मातम पसरा है. मनीष गोप अपने पीछे तीन साल का बच्चा और पत्नी को छोड़ गया है. परिवार वालों ने पुलिस से गुहार लगाया है कि इस मामले में दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें और इस मामले में जो भी संलिप्त हैं सभी लोगों की गिरफ्तारी हो. 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp