- 37 श्वान, हर किसी की अलग जिम्मेदारी
- हर दो महीने में सात लाख से ज्यादा खर्च, डाइट भी खास
- कांस्टेबल का रैंक, काम जासूस जैसा
- राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई ताकत
Ranchi News: याद कीजिए, बचपन में आपके गांव या मोहल्ले में जब कोई बड़ी वारदात होती थी, तो पुलिस की गाड़ी के साथ एक कुत्ता भी घटनास्थल पर पहुंचता था. पुलिस वाले इधर-उधर सुराग तलाशते थे और लोगों की नजर उस कुत्ते पर टिकी रहती थी. वह कभी जमीन सूंघता, कभी किसी कपड़े के पास जाता और कभी अचानक किसी दिशा में दौड़ पड़ता. आसपास खड़े लोग कहते थे, “अब पुलिस का कुत्ता आया है, अपराधी ज्यादा देर नहीं बच पाएगा.” उस समय यह दृश्य किसी फिल्म जैसा लगता था. लेकिन झारखंड पुलिस के यही चार पैरों वाले जवान आज कई गंभीर मामलों की जांच में हकीकत में अपराधियों तक पहुंचने का रास्ता दिखा रहे हैं.
अपराधी घटनास्थल से सबूत मिटाने की कोशिश करता है. कभी हथियार छिपाता है, कभी कपड़े बदलता है और कभी शव को सुनसान जगह पर फेंककर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता है. लेकिन घटनास्थल पर छूट गई गंध कई बार उसके लिए सबसे बड़ा सुराग बन जाती है. प्रशिक्षित ट्रेकर श्वान इसी गंध को पकड़ते हैं और पुलिस टीम को अपने पीछे लेकर आगे बढ़ते हैं. कभी कुछ मीटर तो कभी करीब तीन किलोमीटर तक ट्रैकिंग करते हुए इन श्वानों ने पुलिस को आरोपी के घर, हत्या में इस्तेमाल सामान, शव और अहम साक्ष्यों तक पहुंचाया है.

रेलवे स्टेशन पर ड्रग्स की पहचान करता श्वान
लगातार न्यूज़ के पास उपलब्ध जानकारी के अनुसार झारखंड पुलिस के पास कुल 37 प्रशिक्षित श्वान हैं. इनमें तीन नारकोटिक्स डॉग, 10 ट्रैकर डॉग और 24 स्निफर डॉग शामिल हैं. पिछले करीब चार महीनों में इन प्रशिक्षित श्वानों ने 15 से अधिक मामलों के उद्भेदन में पुलिस की मदद की है. इनमें स्निफर डॉग की करीब छह मामलों और नारकोटिक्स डॉग की भी करीब छह मामलों में भूमिका रही है. वहीं हत्या और दूसरे गंभीर अपराधों की जांच में ट्रेकर श्वानों ने घटनास्थल की गंध के आधार पर पुलिस को कई अहम सुराग दिए हैं.
झारखंड पुलिस ने इन श्वानों को उनकी विशेषज्ञता के अनुसार अलग-अलग जिम्मेदारी दी है. तीन नारकोटिक्स डॉग मादक पदार्थों की तलाश के लिए प्रशिक्षित हैं. 10 ट्रैकर डॉग घटनास्थल से मिली गंध के आधार पर आरोपी, शव या दूसरे महत्वपूर्ण साक्ष्य तक पहुंचने में पुलिस की मदद करते हैं. वहीं 24 स्निफर डॉग सुरक्षा और जांच से जुड़े अलग-अलग काम में लगाए जाते हैं.

ग्रामीण क्षेत्र में आपराधिक जांच में शामिल डॉग
जरूरत के हिसाब से इनकी तैनाती अलग-अलग स्थानों पर की गई है. देवघर एयरपोर्ट और जमशेदपुर एयरपोर्ट के अलावा रांची, जमशेदपुर, हजारीबाग, बोकारो, चाईबासा और देवघर समेत विभिन्न स्थानों पर पुलिस के प्रशिक्षित श्वान तैनात हैं.
इन चार पैरों वाले जवानों की देखभाल पर झारखंड पुलिस हर दो महीने में करीब सात लाख रुपये से अधिक खर्च करती है. इनके खान-पान, स्वास्थ्य और ट्रेनिंग पर विशेष ध्यान दिया जाता है. श्वानों को विशेष डॉग फूड दिया जाता है. उनकी डाइट में सप्ताह में चिकन और मटन भी शामिल किया जाता है, ताकि ऑपरेशन और ट्रेनिंग के दौरान उनकी क्षमता बरकरार रहे.
हर श्वान के साथ दो हैंडलर और एक असिस्टेंट की व्यवस्था रहती है. हैंडलर श्वान की ट्रेनिंग, खान-पान, स्वास्थ्य और ऑपरेशन के दौरान उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हैं. यानी पुलिस का यह पूरा सिस्टम सिर्फ श्वान तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके साथ प्रशिक्षित टीम भी लगातार काम करती है.
झारखंड पुलिस में इन प्रशिक्षित श्वानों को कांस्टेबल रैंक के जवान के तौर पर रखा जाता है. पुलिस के इस्तेमाल के लिए श्वान रखने की व्यवस्था 23 अक्टूबर 2009 को गठित की गई थी. इसके बाद अपराध अनुसंधान और सुरक्षा व्यवस्था में प्रशिक्षित श्वानों का इस्तेमाल लगातार किया जाता रहा है.
इन श्वानों की सेवा अवधि करीब 12 साल होती है. इसके बाद उन्हें रिटायर किया जाता है. रिटायरमेंट के बाद भी विभाग उनकी देखभाल करता है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार फिलहाल दो श्वान रिटायर हो चुके हैं.
अगर किसी ऑपरेशन के दौरान श्वान घायल हो जाए या उसकी मौत हो जाए तो विभागीय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई होती है. मौत होने की स्थिति में सरकारी अस्पताल की टीम पोस्टमार्टम करती है. पोस्टमार्टम के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाती है. इन पुलिस श्वानों की मौत के बाद सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किए जाने की भी व्यवस्था है.
झारखंड पुलिस के ट्रैकर श्वान ने हाल के दिनों में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है. यानी अपराध की गंध पकड़ने वाले इन चार पैरों वाले जवानों की क्षमता सिर्फ झारखंड तक सीमित नहीं है. राष्ट्रीय स्तर पर भी इनकी ट्रेनिंग और प्रदर्शन सामने आया है.
अब पढ़िए 17 मामलों में कैसे श्वानों ने खोली अपराध की कड़ी
साहिबगंज के बड़हरवा थाना कांड संख्या 86/24 में हत्या और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले के उद्भेदन में ट्रेकर श्वान मोमो ने घटनास्थल से ट्रैकिंग की और पुलिस को अहम सुराग तक पहुंचाया. उसकी मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
साहिबगंज के राजमहल थाना कांड संख्या 86/2024 में मोमो ने घटनास्थल पर मिले चापा यानी गडांशी की गंध पकड़ी. करीब 1.5 किलोमीटर तक ट्रैक करते हुए वह नील कोठी इलाके की एक झोपड़ी तक पहुंचा. वहां से हत्या के समय आरोपी द्वारा पहने गए जींस और शर्ट बरामद किए गए. इस सुराग ने पुलिस की जांच को आगे बढ़ाया और आरोपी तक पहुंचने में मदद की.
बोकारो के बीएस सिटी थाना कांड संख्या 92/2025 में ट्रेकर श्वान न्यूटन ने बर्तन पकड़ने वाले साफी कपड़े की गंध पकड़ी. करीब 600 मीटर तक ट्रैक करने के बाद वह आरोपी के घर तक पहुंचा. वहां से चप्पल, कपड़े और चूड़ी बरामद हुई. इसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
गिरिडीह के लोकाई नयनपुर थाना, सिंहडी ओपी कांड संख्या 08/25 में डार्ट ने घटनास्थल से मिले खून से सने शर्ट की गंध पकड़ी और करीब 700 मीटर तक ट्रैक किया. डार्ट ने भीखारी राय को इंगित किया. पुलिस पूछताछ में अपराध स्वीकार करने की बात दर्ज है. आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
लातेहार के बालूमाथ थाना कांड संख्या 54/25 में माचो ने प्लास्टिक की चटाई और बोरे की गंध लेकर करीब दो किलोमीटर तक ट्रैक किया और रोशन कुमार तक पहुंचा. पुलिस पूछताछ में अपराध स्वीकार करने की बात दर्ज हुई. आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
दुमका के शिकारीपाड़ा थाना कांड संख्या 104/25 में मोमो ने लकड़ी के मुंगड़ा की गंध पकड़ी. करीब 20 से 50 मीटर तक ट्रैक करने के बाद वह सीधे आरोपी के पास जाकर बैठ गया. पुलिस पूछताछ में अपराध स्वीकार करने की बात दर्ज हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
गढ़वा के बरडीहा थाना कांड संख्या 10/26 में माचो ने जूट के बोरे और पैर के निशान की गंध लेकर करीब 200 मीटर तक ट्रैक किया और ललन उरांव के घर पहुंच गया. वह उसके बिस्तर के पास जाकर बैठ गया. घटनास्थल पर दोबारा प्रक्रिया में भी माचो ललन उरांव के पास जाकर बैठा. पुलिस जांच में यह महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
गिरिडीह के लोकाई नयनपुर थाना कांड संख्या 05/26 में डार्ट ने ओढ़नी की गंध लेकर करीब 50 मीटर तक ट्रैक किया. इसी दौरान उसने गोली का खोखा खोजने में पुलिस की मदद की. बरामद साक्ष्य ने जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
पलामू के छतरपुर थाना कांड संख्या 83/26 में माचो ने प्लास्टिक के थैले और बीयर की बोतल की गंध पकड़ी और करीब 1.5 किलोमीटर तक ट्रैक किया. इसके बाद उसने सुरेंद्र यादव को इंगित किया. पूछताछ में अपराध स्वीकार करने की बात दर्ज हुई. आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
सरायकेला थाना कांड संख्या 147/16 में महंत ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर की गंध लेकर करीब 150 गज तक ट्रैक किया और आरोपी के घर पहुंच गया. आरोपी की पहचान में श्वान की भूमिका महत्वपूर्ण रही. पूछताछ में अपराध स्वीकार करने की बात दर्ज हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
गुमला के कामडारा थाना कांड संख्या 02/17 में रेमो ने चप्पल की गंध पकड़ी और करीब तीन किलोमीटर तक ट्रैक किया. नदी किनारे पहुंचने के बाद पुलिस को शव की तलाश में सफलता मिली. इस मामले में श्वान ने जांच को महत्वपूर्ण दिशा दी.
दुमका के शिकारीपाड़ा थाना कांड संख्या 13/17 में मेली ने मृतक के कपड़े और पत्थर पर लगे खून के धब्बे की गंध पकड़ी. करीब 1.5 किलोमीटर तक जंगल-पहाड़ी इलाके में ट्रैक करने के बाद वह जोड़िया तक पहुंचा. यहां से पुलिस ने शव बरामद किया.
चाईबासा के मंझारी थाना कांड संख्या 24/17 में महंत ने चेकदार गमछे की गंध पकड़ी और करीब 100 गज तक ट्रैक करते हुए आरोपी तक पहुंचने में पुलिस की मदद की. पूछताछ में अपराध स्वीकार करने की बात दर्ज हुई. आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
खूंटी के तोरपा थाना कांड संख्या 57/18 में चार वर्षीय अंजनी भेंगरा के लापता होने के मामले में बाद में उसका शव बरामद हुआ. मामले के उद्भेदन में ट्रेकर श्वान चीतल की अहम भूमिका रही. चीतल की मदद से पुलिस को जांच में महत्वपूर्ण दिशा मिली और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली.
रांची के सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 651/18 में राजन तिर्की का शव मिलने के बाद उसके पास जैकेट बरामद हुई. चीतल ने जैकेट की गंध पकड़ी और ट्रैक करते हुए उस घर तक पहुंचा, जहां राजन तिर्की की हत्या किए जाने की बात सामने आई. श्वान से मिले सुराग ने जांच को आगे बढ़ाया और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
रांची के ओरमांझी थाना कांड संख्या 04/2021 में सुफिया परवीन की हत्या के बाद उसका सिर चांदवे स्थित खेत में गाड़ दिया गया था. ट्रेकर श्वान चीतल की मदद से पुलिस खेत तक पहुंची और सिर बरामद किया. यह बरामदगी जांच की अहम कड़ी बनी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया.
गोड्डा के देवटांड़ थाना कांड संख्या 08/23 में अज्ञात महिला का शव मिलने के बाद लिमशी ने घटनास्थल से गंध पकड़ी और करीब 100 मीटर तक ट्रैक किया. लिमशी ने महिला का कटा हुआ सिर और हाथ खोजने में पुलिस की मदद की. बरामद साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ी और आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया गया.
इन 17 मामलों की तस्वीर साफ है. कहीं गंध आरोपी के घर तक पहुंची, कहीं हत्या में इस्तेमाल सामान तक, कहीं जंगल और नदी किनारे छिपे शव तक तो कहीं शरीर के अंग तक. घटनास्थल पर छोड़ी गई गंध को पकड़ना इन प्रशिक्षित श्वानों की सबसे बड़ी ताकत है.
पुलिस की जांच में कई बार इंसानी आंखों को कोई रास्ता नजर नहीं आता, लेकिन ट्रेकर श्वान उसी जगह से जांच की नई कड़ी पकड़ लेते हैं. चप्पल, कपड़ा, जैकेट, गमछा, बोरा, प्लास्टिक की चटाई, बीयर की बोतल, हथियार या घटनास्थल की दूसरी वस्तु इनके लिए जांच की शुरुआत बन सकती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
