Ranchi News: 10 सितंबर को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में गुरुवार को जमशेदपुर स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में UCIL के CMD डॉ. के. आनंद राव, निदेशक बी.के. दास समेत कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और आयोग के पदाधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में UCIL में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों की समस्याओं, उनके लिए चल रही कल्याणकारी योजनाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई. जनजातीय कर्मचारियों की पदोन्नति, रोस्टर, आवास और अन्य सेवा संबंधी मामलों पर भी चर्चा हुई. डॉ. आशा लकड़ा ने संबंधित मामलों का नियमानुसार समाधान करने के निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें-
इससे पहले NCST के आठ सदस्यीय दल ने डॉ. आशा लकड़ा के नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम के यूरेनियम प्रभावित जादूगोड़ा क्षेत्र के मेचुआ, इचरा समेत आसपास के गांवों का निरीक्षण किया. टीम ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और मांगें जानीं.
ग्रामीणों ने पेयजल, स्कूलों में शिक्षकों की कमी, विस्थापित परिवारों को रोजगार और उचित मुआवजा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं आयोग के सामने रखीं. आयोग ने इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
समीक्षा बैठक के दौरान डॉ. आशा लकड़ा ने UCIL के CMD और वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि जनजातीय समुदाय और कर्मचारियों से जुड़े सभी लंबित मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए. साथ ही आयोग के निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया.
UCIL अधिकारियों को बैठक में लिए गए निर्णयों और आयोग के निर्देशों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर NCST को सौंपने का निर्देश दिया गया.
बैठक में आयोग की ओर से उप सचिव मनोहर एन. सुकोले, सहायक निदेशक पी.के. दास, निजी सचिव कुशेश्वर साहू, विधिक सलाहकार राहुल यादव, अन्वेषक राहुल बागड़ी, वरिष्ठ अन्वेषक सोनल राज, अन्वेषक रिया राजपूत और निजी सहायक विवेक कुमार उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

