Search

 
 
 

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को धमकी देने वाला व्यक्ति दिल्ली से गिरफ्तार

 
  • धमकी देने वाले व्यक्ति का किसी गिरोह से नहीं है संबंध 
Purnia :  बिहार पुलिस ने पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पूर्णिया पुलिस ने टेक्निकल टीम की मदद से नई दिल्ली से महेश पांडे नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी का किसी गिरोह से संबंध नहीं है. महेश पांडे ने पुलिस के सामने अपना अपराध कबूल कर लिया है. पूर्णिया के एसपी कार्तिकेय शर्मा ने इस बात की जानकारी दी.

सबसे पहले जिस व्यक्ति ने दी थी धमकी, पुलिस ने उसे किया गिरफ्तार 

एसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि सांसद पप्पू यादव को पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिये धमकियां मिल रही थीं. जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम ने जांच पड़ताल शुरू की. बताया कि पप्पू यादव को सबसे पहले जिस नंबर से धमकी मिली थी, उस व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. शर्मा ने कहा कि पप्पू यादव ने एक नंबर पुलिस को दिया था, जो दुबई का था. जांच के क्रम में पुलिस महेश पांडे तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसका फोन और सिम कार्ड दोनों बरामद कर लिया है. उसने दुबई से सिम लिया था. वहां उसकी साली रहती है. वह जब वहां गया था तो सिम लाया था.

महेश पांडे का लॉरेंस विश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं निकला 

एसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महेश पांडे का गैंगेस्टर लॉरेंस विश्नोई गैंग से किसी भी प्रकार का संबंध नहीं निकला है. हालांकि सांसद पप्पू यादव के कुछ लोगों से भी उसकी जान-पहचान निकली है, जिसकी जांच की जा रही है. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किया गया शख्स नई दिल्ली में कई जगह काम कर चुका है. उसके कई "माननीय लोगों" के साथ भी संबंध रहे हैं. वह एम्स के कैंटीन में भी काम कर चुका है.

पप्पू यादव ने शाह को पत्र लिखकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी

बता दें कि पप्पू यादव ने दावा किया था कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है. इसके बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा घेरा बढ़ाने की मांग की थी. पप्पू यादव ने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर अपने लिये `वाई श्रेणी` की सुरक्षा बढ़ाकर `जेड श्रेणी` करने की मांग की थी.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही