Lagatar Desk: झारखंड में सिमडेगा से कांग्रेस के विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ एक नाबालिग लड़की से कथित यौन शोषण के आरोप में पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज केस की गूंज दिल्ली तक पहुंची है. बीजेपी ने शनिवार को कांग्रेस पर झारखंड के अपने मौजूदा विधायक के खिलाफ एक नाबालिग आदिवासी लड़की के यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया और महिला सुरक्षा के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को लेकर सवाल उठाए.
भाजपा मुख्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए पार्टी की सांसद बांसुरी स्वराज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ गंभीर आरोपों के बावजूद चुप्पी साध रखी है. स्वराज ने कहा, ‘‘यह बेहद शर्मनाक है कि झारखंड से कांग्रेस के मौजूदा विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी लड़की से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है.’’
उन्होंने बताया कि पॉक्सो (यौन अपराध से बच्चों की सुरक्षा) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने इन आरोपों को ‘‘बेहद परेशान करने वाला और अंतरात्मा को झकझोर देने वाला’’ बताया. उन्होंने कहा, ‘‘आरोपों के अनुसार विधायक ने मासूम लड़की को शिक्षा और बेहतर जीवन का आश्वासन देकर अपने झांसे में लिया. इन झूठे वादों के बहाने उससे घर के काम करवाए, कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और बाद में उसका यौन शोषण किया. यह बेहद गंभीर खबर हमें मीडिया रिपोर्ट के जरिए मिली है.’’
‘पितृसत्ता को खत्म करो’ के नारे पर निशाना
‘पितृसत्ता को खत्म करो’ जैसे नारे का इस्तेमाल करने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए स्वराज ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इस मुद्दे पर चुप रहना ही बेहतर समझा. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे हैरानी इस बात की है कि कांग्रेस जो ‘पितृसत्ता को खत्म करो’ जैसे खोखले नारे देने वाली कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी तथा मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बार फिर चुप्पी साध रखी है.’’ लड़की ने रांची के धुर्वा थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उसका आरोप है कि पांच अगस्त को बाड़ा ने उसके आवास पर उसके साथ दुष्कर्म किया जिसके बाद वह गर्भवती हो गई.
दो बार सिमडेगा विधासभा का प्रतिनिधित्व कर चुके बाड़ा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें ‘‘पूरी तरह से झूठा और गुमराह करने वाला’’ बताया है. उन्होंने दावा किया है कि राजनीतिक साजिश के तहत उनकी और पार्टी की छवि खराब करने की कोशिशें की जा रही है.