Search

 
 
 

चीक बड़ाईक समाज के जाति प्रमाण पत्र की समस्या होगी दूर, सीएम से करेंगे बात : आलमगीर आलम

 
 Ranchi :  चीक बड़ाईक समाज के  मिलन समारोह का आयोजन मोरहाबादी के संगम गार्डेन सभागार में किया गया. कार्यक्रम में ग्रामीण विकास ग्रामीण मंत्री और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा है कि झारखंड सरकार चीक बड़ाईक सहित सभी जनजातीय समुदाय की कठिनाइयों को दूर करने और उन सभी को उसका अधिकार दिलाने के पक्ष में हर तरीके से गंभीर है. कांग्रेस पार्टी उपेक्षित और वंचित अनुसूचित जनजाति के प्रत्येक समुदाय को कांग्रेस देश की मुख्यधारा में लाना चाहती है. विशेष रूप से जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने में आ रही विभिन्न तरह की कठिनाईयों को दूर करने के लिए अविलंब प्रशासनिक निर्देश जारी किया जायेगा. क्योंकि बिना जाति प्रमाण पत्र के न तो इस समुदाय को आरक्षण का लाभ मिल पा रहा है. और न ही विद्यालय में नामांकन हो पा रहा है. वे इसको लेकर मुख्यमंत्री से बात करेंगे. जल्द ही प्रशासनिक आदेश जारी किया जाएगा.

चीक बड़ाईक की समस्या हल नहीं हुआ तो आंदोलन : बंधु तिर्की

पूर्व मंत्री प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड गठन के 22 साल बाद भी उन सभी आदिवासी समुदायों को तरह-तरह से प्रताड़ित और अपने अधिकार से वंचित होना पड़ रहा है. तिर्की ने कहा कि अलग प्रदेश गठन के बाद दो दशक से भी ज्यादा लंबा समय गुजर चुका है. अब आदिवासियों की और अधिक उपेक्षा तथा अधिकारों का हनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. चीक बड़ाईक समाज की मांगे अविलम्ब पूरी ना हुई तो तीव्र आंदोलन किया जायेगा.

उम्मीद है कि जल्द ही समस्या हल होगा : शिल्पी तिर्की

मांडर की विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड विधानसभा के अंदर और बाहर भी उन्होंने न केवल चीक बड़ाईक बल्कि प्रत्येक जनजातीय समुदाय की मांगों को उठाया है. उन्हें इस बात की खुशी है कि न केवल सरकार के जिम्मेदार मंत्री बल्कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भी उनकी बातों एवं मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार कर रहा है. इसके लिये सरकार एवं कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि निकट भविष्य में चीक बड़ाईक समुदाय को सभी जटिल परेशानियों से छुटकारा मिलेगा. इस मौके पर रविन्द्र सिंह, राजीव रंजन प्रसाद, शिवा कच्छप, डॉ.इलियास मज़ीद, डॉ. नरेश चन्द्र बड़ाईक, सूर्यकान्त बड़ाईक, बालकिशुन बड़ाईक, अनंत कुमार बड़ाईक, वासुदेव बड़ाईक, अर्जुन बड़ाईक सहित अनेक लोगों ने अपने विचार रखे. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही