Search

 
 
 

HEC में वेतन संकट गहराया, 15 दिन के भुगतान पर संयुक्त मोर्चा का विरोध, आंदोलन की चेतावनी

हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) में कार्यरत हजारों कर्मचारियों का वेतन संकट लगातार गहराता जा रहा है और अब यह गंभीर औद्योगिक समस्या का रूप ले चुका है.
 

Ranchi : हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) में कार्यरत हजारों कर्मचारियों का वेतन संकट लगातार गहराता जा रहा है और अब यह गंभीर औद्योगिक समस्या का रूप ले चुका है.

 

शनिवार को एचईसी संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक (वित्त) से मुलाकात कर 15 दिन के वेतन भुगतान की व्यवस्था का कड़ा विरोध दर्ज कराया. प्रतिनिधियों ने इसे कर्मचारियों के साथ अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि आधा वेतन कर्मचारियों की आर्थिक परेशानियों को दूर करने में पूरी तरह विफल है.

 

संयुक्त मोर्चा ने कहा कि अधिकांश कर्मचारियों ने होम लोन, एजुकेशन लोन और अन्य बैंक ऋण ले रखे हैं. आधा वेतन खाते में आते ही ईएमआई कट जाने से कई कर्मचारियों के खातों में शेष राशि शून्य हो जा रही है.

 

जिन कर्मचारियों के खाते एनपीए की श्रेणी में चले गए हैं, उनके लिए 15 दिन का वेतन पूरी तरह बेअसर साबित हो रहा है. इस स्थिति में परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई, इलाज और दैनिक जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है. कई कर्मचारी मानसिक तनाव से भी गुजर रहे हैं.

 

वेतन के साथ-साथ एलआईसी इनकैशमेंट, सीपीएफ और बीपीएफ के भुगतान में हो रही देरी पर भी संयुक्त मोर्चा ने नाराजगी जताई. प्रतिनिधियों ने कहा कि कर्मचारियों की जीवनभर की बचत और बीमा राशि समय पर नहीं मिलना गंभीर चिंता का विषय है.

 

संयुक्त मोर्चा ने मांग की कि एनसीएल से एचईसी को मिलने वाले फंड का प्राथमिक उपयोग कर्मचारियों के वेतन भुगतान में किया जाए. बार-बार आंशिक भुगतान से कर्मचारियों का भरोसा टूट रहा है और औद्योगिक शांति भी प्रभावित हो रही है.

 

निदेशक (वित्त) से वार्ता के बाद संयुक्त मोर्चा के छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा नेता विनय जायसवाल से मुलाकात की. उन्होंने कर्मचारियों की दयनीय स्थिति से अवगत कराया.

 

विनय जायसवाल ने आश्वासन दिया कि एचईसी के मुद्दे को रांची से लेकर दिल्ली तक हर मंच पर उठाया जाएगा और जरूरत पड़ी तो केंद्रीय स्तर पर हस्तक्षेप कराया जाएगा.

 

कर्मचारियों ने कहा कि लगातार वेतन संकट से उत्पादन और एचईसी के भविष्य पर भी खतरा मंडरा रहा है. संयुक्त मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि एक माह का पूर्ण वेतन नहीं मिला तो वे चरणबद्ध आंदोलन, धरना और कार्य बहिष्कार जैसे कदम उठाने को मजबूर होंगे.

 

बैठक में निदेशक वित्त मुकेश कुमार सहित यूनियन नेता रमा शंकर प्रसाद, आर के शाही, प्रकाश कुमार, शनि सिंह, विमल महली और एस जे मुखर्जी उपस्थित थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही