Lagatar Desk: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस में सीट बंटवारे को लेकर जारी बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी ने मंगलवार रात को पांच सीट पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी. सपा के इस कदम पर नाराजगी जताते हुए कांग्रेस की राज्य कार्यसमिति के प्रमुख इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘हम भीख नहीं मांग रहे हैं.’’
मसूद इस बात से खासे नाराज हैं कि जिन पांच सीट पर सपा ने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं, उनमें सहारनपुर भी शामिल है, जो उनका लोकसभा क्षेत्र है.
इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के तालमेल को लेकर अपना पक्ष रखा है. उन्होंने कांग्रेस से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से 26 सीटों पर बातचीत पूरी होने के बाद बाकी सीटों की सूची भेजने को कहा है. अखिलेश ने कहा है कि गठबंधन का उद्देश्य केवल सीटों का बंटवारा करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक सीटों पर जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए.
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, "इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर, देश को ग़लत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं."
उन्होंने कहा "हम चाहते हैं कि आप और हम जन-अपेक्षाओं और वास्तविकताओं को समझकर गंभीर विचार-विमर्श करें जिससे अधिकांश सीटों पर अपने गठबंधन की जीत सुनिश्चित हो. जितनी सीटें आप-हम लड़ें उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों. जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी."
अखिलेश ने लिखा, "आपकी टीम की तरफ़ से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से जिन 26 सीटों पर आज बात हो गई है, उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटें चिह्नित करके हमें भेज दें. फिर मिल बैठकर देखेंगे कि कौन सी सीट और उस पर कौन सा कैंडिडेट जीतने की पोज़िशन में है. हो सकता है कि हम अपने आकलन और जीत के गणितीय समीकरण के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई जीतने वाली सीटों के बारे में भी बताएं जिन पर उन्होंने किसी कारणवश विचार ही नहीं किया है."
इस बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, "26 सीट की तो कोई बात ही नहीं है बात हमारी 403 सीट पर जो चल रही है उस पर बातचीत फाइनल हो जाएगी तब हम सबको सूचित करेंगे। लेकिन मुझे लगता है कि दोनों पार्टी के नेतृत्व को जिम्मेदार व्यवहार औऱ बयान रखना चाहिए। यही सबके हित में है और देश भी यही चाहती है.... समाजवादी पार्टी की पांच उम्मीदवारों की पहली सूची पर उन्होंने कहा, " सीटों की घोषणा तो कभी भी की जा सकती है लेकिन अभी उससे बचना चाहिए. अभी बातचीत का दौर जारी है और मैं उम्मीद करता हूं कि सब कुछ सही हो जाएगा।" कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर उन्होंने कहा, "उनकी नाराजगी अपनी जगह सही है क्योंकि वो वहां के सांसद हैं. लेकिन पार्टी का शीर्ष नेतृत्व एक सम्मानजनक निर्णय पर पहुंचेगा."