Ranchi News: गुमला जिले के सब रजिस्ट्रार हर सेल डीड पर 2000 रुपये मांगते हैं. गुमला जिले के वरीय अधिवक्ता अवनीत कुमार से सब रजिस्ट्रार रामजी तिग्गा द्वारा पांच सेल डीड की रजिस्ट्री के लिए 10 हजार रुपये मांगे जाने पर इससे संबंधित शिकायत उपायुक्त से की है.
अवनीत कुमार ने उपायुक्त को भेजे गये शिकायती पत्र के साथ पैसों के लेनदेन के सिलसिले में सब रजिस्ट्रार से हुई बातचीत का रेकार्डिंग भी भेजा है. उपायुक्त को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि उन्होंने 26 नवंबर को पांच सेल डीड रजिस्ट्री के लिए अपने जूनियर के माध्यम से भेजा था. रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सेल डीड पर अपना हस्ताक्षर करने से पहले सब रजिस्ट्रार ने उनके जूनियर वकील अमरदीप को अपने कमरे में बुलाया और दो हजार रुपये प्रति डीड की दर से 10 हजार रुपये की मांग की.
पैसे मांगे जाने की सूचना उनके जूनियर से उन्हें फोन पर दी. इसके बाद उन्होंने अपने जूनियर के मोबाइल के सहारे सब रजिस्ट्रार से बात की और गलत पैसा मांगने के सिलसिले में पूछा. जवाब में सब रजिस्ट्रार ने कहा कि पैसा देना होगा. सब रजिस्ट्रार की गैर कानूनी तरीके से पैसा मांगे जाने का कारण पूछने पर उन्होंने कहा कि आप (वकील) झगड़ा करना चाहते हैं.
सब रजिस्ट्रार ने कहा कि क्लाइंट से आप लोग रुपये क्यों लेते हैं. क्लाइंट को डायरेक्ट मेरे (सब रजिस्ट्रार) के पास भेज दीजिए. वकील लोगों को रजिस्ट्री ऑफिस आने की कोई जरूरत नहीं है. हम डीड पर वकील के बदले राइटर लोगों से दस्तखत करा लेंगें.
उपायुक्त को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि सब रजिस्ट्रार का रवैया वकीलों के प्रति सही नहीं रहा है. रजिस्ट्री ऑफिस के बाहर गैर कानूनी ढंग से दो डीड राइटर को गैर कानूनी ढंग से बैठाया गया है. इन्हीं लोगों के माध्यम से रजिस्ट्री का काम कर अवैध वसूली की जाती है. उपायुक्त को भेजे गये शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि रजिस्ट्रार ने अपनी पहुंच बड़े पदाधिकारियों तक होने और शिकायत पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं होने की बात कही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.