Search

 
 
 

सुप्रीम कोर्ट के तीन जजों ने ली शपथ, जजों की संख्या हुई 34

भारत के सर्वोच्च न्यायालय यानी सुप्रीम कोर्ट को शुक्रवार को तीन नए न्यायाधीश (जज) मिले. भारत के मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई ने जस्टिस एन. वी. अंजारिया, जस्टिस विजय बिश्नोई और जस्टिस ए. एस. चंदुरकर को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई.
 

New Delhi :   भारत के सर्वोच्च न्यायालय यानी सुप्रीम कोर्ट को शुक्रवार को तीन नए न्यायाधीश (जज) मिले.  सुप्रीम कोर्ट परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सीजेआई बी आर गवई ने जस्टिस एन. वी. अंजारिया, जस्टिस विजय बिश्नोई और जस्टिस ए. एस. चंदुरकर को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई.  

 

तीन जजों के शपथ ग्रहण के साथ ही सुप्रीम कोर्ट में कुल न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 34 हो गयी है, जो कि भारतीय संविधान द्वारा अनुमोदित अधिकतम सीमा है. 

 

कौन हैं ये तीन नए जज : 

 

जस्टिस एन. वी. अंजारिया :  जस्टिस अंजारिया मूल रूप से गुजरात हाई कोर्ट के न्यायाधीश रहे हैं. हाल ही में वे कर्नाटक हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त हुए थे, जहां से उन्हें सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत किया गया है. न्यायिक क्षेत्र में उनके अनुभव और संतुलित दृष्टिकोण के लिए वे विख्यात हैं. 

 

जस्टिस विजय बिश्नोई :  जस्टिस बिश्नोई का संबंध राजस्थान हाई कोर्ट से रहा है और वे वर्तमान में गुवाहाटी हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे. उन्हें न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और कठोरता के लिए जाना जाता है.

 

जस्टिस ए. एस. चंदुरकर :  जस्टिस चंदुरकर ने बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर पीठ में बतौर न्यायाधीश कई महत्वपूर्ण मामलों में फैसले सुनाए हैं.  उनकी न्यायिक शैली स्पष्ट, तथ्यपरक और प्रभावशाली मानी जाती है. 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही