Search

 
 
 

रांची में टॉपर्स का सम्मान,अफसरों से मुलाकात, प्रशासन को करीब से जाना

रांची के आठवीं बोर्ड परीक्षा के 20 टॉपर्स के लिए शनिवार का दिन बेहद खास रहा. जिला प्रशासन द्वारा आयोजित प्रशासन से परिचय कार्यक्रम में इन होनहार बच्चों को ना सिर्फ सम्मानित किया गया, बल्कि सरकारी दफ्तरों की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का भी मौका मिला.
 

Ranchi :  रांची के आठवीं बोर्ड परीक्षा के 20 टॉपर्स के लिए शनिवार का दिन बेहद खास रहा. जिला प्रशासन द्वारा आयोजित प्रशासन से परिचय कार्यक्रम में इन होनहार बच्चों को ना सिर्फ सम्मानित किया गया, बल्कि सरकारी दफ्तरों की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का भी मौका मिला.

 

 

कार्यक्रम की शुरुआत जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के स्वागत भाषण से हुई. उन्होंने बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया और कहा कि ये बच्चे ही देश का भविष्य हैं. इन्हें सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रखना, बल्कि लीडर बनाना है.

 

 

बेटियों ने भी दिखाया दम

डीसी ने खासतौर पर इस बात की सराहना की कि इस बार कई प्रखंडों में बेटियों ने टॉप किया है. उन्होंने शिक्षकों की मेहनत की भी तारीफ की, जिसकी बदौलत ये शानदार परिणाम आए हैं.

 

दफ्तरों की सैर और सीख

 

बच्चों को जिला शिक्षा कार्यालय, सड़क सुरक्षा विभाग, अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय (SDO), भूमि सुधार कार्यालय और नगर निगम का दौरा कराया गया. हर दफ्तर में संबंधित अधिकारियों ने बच्चों को वहां के कार्यों की जानकारी दी और उनके सवालों के जवाब दिए.

•    शिक्षा विभाग में बच्चों ने अफसर बनने और परीक्षा की तैयारी से जुड़े सवाल पूछे.

•    सड़क सुरक्षा कार्यालय में ट्रैफिक नियमों को वीडियो के ज़रिए समझाया गया.

•    SDO ऑफिस में कोर्ट और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर चर्चा हुई.

•    भूमि सुधार विभाग में जमीन संबंधी दस्तावेजों की प्रक्रिया समझी.

•    नगर निगम में शहर की साफ-सफाई, पानी, बिजली आदि सेवाओं के प्रबंधन की जानकारी मिली.

 

बच्चों का उत्साह

बुढ़मू की छात्रा रौशनी ने कहा कि पहली बार अफसरों से इतने करीब से मिले, अब जान गए हैं कि ये लोग क्या करते हैं. तमाड़ के संदीप ने कहा कि अब प्रशासन को किताबों से नहीं, असली दुनिया से समझा है

 

कार्यक्रम का उद्देश्य

इस कार्यक्रम का मकसद बच्चों को प्रशासनिक कामकाज से परिचित कराना, करियर की सही दिशा दिखाना और समाज सेवा का भाव जगाना था. डीसी भजंत्री ने कहा कि सम्मान से ज्यादा हमने बच्चों को एक रास्ता दिखाया है. आज की यह सीख उन्हें कल बेहतर इंसान और नेता बनाएगी

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही