New Delhi : मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. चार जून से देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश शुरू हो जायेगी. यह मौसम विभाग का कहना है.
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दिल्ली-एनसीआर, यूपी, पंजाब सहित हरियाणा में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेगी. ओलावृष्टि होगी.
मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वर्तमान समय में उत्तर-पूर्व और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर शक्तिशाली ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण का निर्माण हो गया है. यह समुद्र तल से 4.5 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है.
इस कारण अगले 48 घंटों में 4 जून के आसपास मानसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के बचे हुए अधिकतक हिस्सों में दस्तक दे देगा.
बंगाल की खाड़ी में हो रही मौसमी हलचल के प्रभाव से पश्चिम बंगाल में 3 जून को आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज भी करवट लेगा.
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में तीव्र थंडरस्टॉर्म के साथ भारी ओलावृष्टि (Hailstorm) होने की आशंका है.
उत्तराखंड में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी. इस राज्य में आकाशीय बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 5 दिनों तक व्यापक रूप से बारिश और थंडरस्टॉर्म की गतिविधियां जारी रहेंगी.
अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में भी मूसलाधार बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में भयानक धूल भरा तूफान आ सकता है. पूर्वी राजस्थान में आंधी-तूफान के साथ-साथ ओले गिरने की आशंका है
उत्तर प्रदेश में 3 जून को राज्य में तेज धूल भरी आंधी चल सकती है. कुछ जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की भी प्रबल संभावना है. मौसम विभाग ने सलाह दी है कि आंधी और बिजली कड़कने के दौरान लोग खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे न जायें.
बिहार में भी बुधवार को अचानक मौसम करवट बदलने से तेज आंधी के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है. किसानों के लिए वज्रपात की चेतावनी जारी की गयी है. खराब मौसम के दौरान खेतों में न जाने को कहा गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment