Search

 
 
 

Jamshedpur News: मोबाइल पर लिंक भेजकर 3 लाख की ठगी करने के दो आरोपी गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति के मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर उसके बैंक खाते से करीब 3 लाख रुपये निकाल लिए थे.
 
लोह नगरी जमशेदपुर की खबरें

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति के मोबाइल पर फर्जी लिंक भेजकर उसके बैंक खाते से करीब 3 लाख रुपये निकाल लिए थे. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. मामले में एक अन्य आरोपी की भी संलिप्तता सामने आई है, जिसकी तलाश और जारी है.

Uploaded Image

जानकारी के अनुसार, साइबर क्राइम पोर्टल के प्रतिबिंब एप के माध्यम से डुमरिया थाना को शिकायत मिली थी. शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक भेजा गया था. लिंक पर क्लिक करने के बाद साइबर अपराधियों ने उसके बैंक खाते से करीब 3 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की.

 

मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल डेटा की जांच करते हुए विकास बारिक और अजय कुमार नायक उर्फ सोनू नायक को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान दोनों ने साइबर ठगी में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली.

 

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि इस मामले में घाटशिला निवासी कृष्ण ओझा की भी भूमिका है. पुलिस ने उसके खिलाफ भी मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

 

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंकिंग आईडी कार्ड और लेन-देन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं. मोबाइल की जांच में अवैध ट्रांजेक्शन से संबंधित जानकारी भी मिली है, जिसे पुलिस साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल कर रही है.

 

पुलिस ने विकास बारिक, अजय कुमार नायक उर्फ सोनू नायक और कृष्ण ओझा के खिलाफ साइबर अपराध से संबंधित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले की आगे जांच जारी है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा कहीं इन्होंने अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार तो नहीं बनाया.

 

इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार के अलावा डुमरिया थाना प्रभारी पंचम लिंगा, नीर तिर्की, प्रदीप खलखो, मनोज पुस्टी, सुरेंद्र पुस्टी, योगेश्वर सरदार और महबूब असारी शामिल रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही