Search

 
 
 

चांडिल में दो ऑटो की आमने-सामने टक्कर, छह घायल, चार की हालत गंभीर, जमशेदपुर रेफर

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में आज रविवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर एक सड़क हादसा हो गया. भादूडीह स्थित एचएलएम फ्यूल पंप के पास दो ऑटो की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दोनों चालकों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
 

Chandil : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में आज रविवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर एक सड़क हादसा हो गया. भादूडीह स्थित एचएलएम फ्यूल पंप के पास दो ऑटो की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दोनों चालकों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

 


जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे एक ऑटो चांडिल से चार यात्रियों को लेकर जमशेदपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान भादूडीह के पास सामने से आ रहे एक अन्य ऑटो से उसकी टक्कर हो गई. बताया जा रहा है कि दूसरा ऑटो कथित रूप से गलत दिशा से आ रहा था. सामने अचानक ऑटो को देखकर चालक ने वाहन बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण दोनों वाहन सीधे टकरा गए.

 


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे में दोनों ऑटो चालकों सहित कुल छह लोग घायल हो गए. टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.  

 


स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य दो का इलाज स्थानीय स्तर पर किया गया.

 


घटना की सूचना मिलने पर चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ऑटो को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गलत दिशा में आ रहे ऑटो चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

 


 Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही