Search

देश को दो गुजराती मिलकर खरीद- बेच रहे हैं : आनंद मोहन

Supaul : पूर्व सांसद आनंद मोहन ने शुक्रवार को कहा कि दो गुजरती मिलकर देश को बेच रहे हैं और दो गुजरती ही इसे खरीद भी रहे हैं. कहा कि प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर जुबानी हमला करने वाले लोग यह भूल जाते हैं कि नेहरू ने ही देश में विभिन्न संस्थाओं का गठन किया, लेकिन ये लोग केवल बेचने का काम कर रहे हैं. बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर देश के इतिहास को बदलना का आरोप लगाया. आनंद मोहन सुपौल के किशनपुर प्रखंड अंतर्गत सिसौनी में जनसभा को संबोधित कर रहे थे.

ईडी, सीबीआई और अन्य आयोग भाजपा की सी टीम

पूर्व सांसद ने कहा कि आज बीजेपी की बी टीम हैदराबाद और उत्तर प्रदेश में है. जबकि ईडी, सीबीआई और अन्य आयोग उसकी सी टीम है. आनंद मोहन ने कहा कि वो आजीवन कारावास में रहने को तैयार हैं. मगर सांप्रदायिक ताकतों के सामने सिर झुकाने को कभी तैयार नहीं हैं. उन्होंने कहा कि कई लोग उन्हें जनसंपर्क अभियान धीमा करने की नसीहत देते हैं. लोगों का कहना है कि आठ अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है. उससे पहले शांत रहने की जरूरत है. लेकिन मुझे कोर्ट पर भरोसा है. आनंद मोहन ने कहा कि 2024 का चुनाव सबका परिणाम बताएगा.

... तो ये लोग छटपटाकर मर जाएंगे

पूर्व सांसद ने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए बीजेपी के पास मुद्दा ही नहीं है. केवल पाकिस्तान और मुसलमान पर ही बात करती है. मगर ये दो मुद्दे न हो और प्रेस को स्विच ऑफ कर दिया जाए तो ये लोग छटपटाकर मर जाएंगे. उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव में वो उनकी औकात दिखा देंगे.

चीन से सरदार पटेल की मूर्ति मंगायी गयी

आनंद मोहन ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी के समय जब लोग चार-चार हजार रुपये लेकर लाइन में खड़े थे, तब बीजेपी का करोड़ों का कार्यालय बन रहा था. कोरोना काल में राम मंदिर के नाम पर शिला पूजन किया जा रहा था. लोगों से ईंट ली जा रही थी. सब बीजेपी कार्यालय बनाने में लग गया. सरदार पटेल की स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि जिस देश को सबसे बड़ा दुश्मन कहते हैं, उसी चीन से सरदार पटेल की मूर्ति मंगायी गयी.

ओवैसी को बीजेपी का एजेंट बताया

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश के इतिहास को बदलना चाहती है. मुगलों का इतिहास मिटाने की कोशिश की जा रही है, जिन्होंने आजादी के पहली लड़ाई का शंखनाद किया था. वही माफी वीरों का जायगान किया जा रहा है. ये लोग केवल हिंदू -मुसलमान के बीच मतभेद पैदा कर राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं. देश के विभाजन में भी इनके जैसों का ही हाथ है. उन्होंने ओवैसी को भी बीजेपी का एजेंट बताया है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//